South Delhi Lok Sabha Elections 2024 Date, Candidate Name: लोकसभा चुनाव 2024 की तारीखों का ऐलाम हो चुका है। इसके बाद सियासी गलियारों में हलचल तेज हो गई है। तमाम राजनीतिक पार्टियों ने अपनी सियासी गतिविधियां तेज कर दी हैं। ऐसे में राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली की दक्षिण दिल्ली लोकसभा सीट भी एक महत्वपूर्ण सीट है। इस सीट पर भारतीय जनता पार्टी की पकड़ मजबूत रही है। साल 2019 में हाई प्रोफाइल सीट पर बीजेपी के उम्मीदवार रमेश बिधूड़ी ने बाजी मारी। इस बार के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस और आम आदमी पार्टी सीट पर सूखा खत्म करने की कोशिश करेगी।
दक्षिण दिल्ली की लोकसभा सीट पर भी 25 मई को वोटिंग होगी। चुनावी तारीखों की घोषणा से पहले आम आदमी पार्टी ने अपने उम्मीदवार की घोषणा कर दी है। दक्षिणी दिल्ली लोकसभा सीट से आप ने सहीराम पहलाव को मौका दिया है। वहीं, उनके खिलाफ बीजेपी ने दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष रामवीर सिंह बिधूड़ी को टिकट दिया है।
साल 2019 में बीजेपी ने जमाया कब्जा
दक्षिण दिल्ली की लोकसभा सीट पर कांटे के मुकाबले की टक्कर में बीजेपी के उम्मीदवार रमेश बिधूड़ी ने 3,67,043 वोटों के साथ भारी जीत हासिल की थी। इस सीट पर बिधूड़ी को 6,87,014 वोट मिले। वहीं, आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार राघव चड्ढा को 3,19,971 वोट मिले थे। साथ ही, कांग्रेस पार्टी के उम्मीदवार बॉक्सर विजेंदर सिंह को 1,64,613 वोटों से ही संतोष करना पड़ा।
South Delhi Lok Sabha Election | ||
पार्टी | उम्मीदवार | वोट |
BJP | रमेश बिधूड़ी | 6,87,014 |
CONGRESS | विजेंदर सिंह | 1,64,613 |
AAP | राघव चड्ढा | 3,19,971 |
इन नेताओं के बीच रहा त्रिकोणीय मुकाबला
रमेश बिधूड़ी: बीजेपी ने दक्षिण दिल्ली की लोकसभा सीट पर पिछली दो बार से रमेश बिधूड़ी पर ही दांव लगाया है। वह 2003 से मई 2014 तक दिल्ली के विधायक रहे हैं। बिधूड़ी शहरी विकास, ओबीसी कल्याण, श्रम और रोजगार से संबंधित कई समितियों में शामिल रहे हैं। वह कई बार विवादित बयानों की वजह से चर्चा में रहे हैं।
विजेंदर सिंह: बॉक्सिंग रिंग में मुक्केबाज विजेंदर सिंह ने अब तक तो जबरदस्त पंच लगाए पर जब बारी राजनीति की आई तो इस रिंग में उनका पंच फेल हो गया। 2019 के लोकसभा चुनाव में उन्हें कांग्रेस पार्टी ने अपना उम्मीदवार घोषित किया। हालांकि, विजेंदर इस लोकसभा क्षेत्र की जनता का भरोसा नहीं जीत पाए।
राघव चड्ढा: आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार राघव चड्ढा ने पहली बार लोकसभा चुनाव लड़ा और उन्हें इसमें रमेश बिधूड़ी से करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा। वह काफी लंबे समय से आप से जुड़े रहे हैं और अब वर्तमान समय में राज्यसभा से सांसद हैं।
साल 2014 में यहां की स्थिति
साल 2014 के लोकसभा चुनाव में दक्षिणी दिल्ली की सीट से बीजपी के मौजूदा सांसद रमेश बिधूड़ी को लोगों ने 4,97,980 वोट दिए थे। वहीं, आम आदमी पार्टी के नेता देवेंद्र कुमार सहरावत को 3,90,980 वोट मिले और कांग्रेस पार्टी के उम्मीदवार रमेश कुमार को 1,25,213 वोटों से ही संतोष करना पड़ा। इस साल करीब 65 फीसदी वोटर्स ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया था।
जातीय समीकरण
साउथ दिल्ली की लोकसभा सीट पर जाट और गुर्जर समुदायों का वर्चस्व रहा है। 42 गांवों में से 18 पर जाटों का और 12 पर गुर्जरों का वर्चस्व है। दोनों समुदाय, पूर्वांचलियों (पूर्वी यूपी और बिहार के प्रवासी) के साथ मिलकर, दक्षिण दिल्ली में लगभग 30 फीसदी मतदाता हैं। गुर्जर बहुल इलाकों में बदरपुर, छतरपुर और तुगलकाबाद शामिल हैं, जबकि देवली, बिजवासन और संगम विहार के कुछ हिस्सों में जाट अच्छी संख्या में हैं। यहां पर लोग स्थानीय मुद्दे पर भी ज्यादा जोर देते हैं। संसदीय क्षेत्र में साक्षरता दर 85.94 प्रतिशत के करीब है। यहां 10,05,299 पुरुष और 7,47,322 महिला मतदाता हैं। 127 मतदाता अन्य अथवा थर्ड जेंडर हैं। यहां अनुसूचित जाति की आबादी 16.61 फीसदी के करीब है और एसटी कैटेगरी की संख्या शून्य है।