अजय पांडेय
प्रदेश कांग्रेस का पदभार ग्रहण करने के बाद शीला दीक्षित की नई टीम के गठन की कवायद शुरू होने के साथ ही विवाद की आहट भी सुनाई देने लगी है। सालों से खाली पड़े अलग-अलग प्रकोष्ठों की खाली रिक्तियों को भरे जाने को लेकर पार्टी में तनातनी बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। दीक्षित ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष का पद संभालने के बाद अपने करीबी माने जाने वाले पूर्व मंत्री रमाकांत गोस्वामी और जितेंद्र कोचर को प्रदेश प्रवक्ता के पद पर नियुक्त किया। अब उन्होंने पूर्व प्रदेश अध्यक्ष बृजोमाहन के बेटे विजय मोहन को मीडिया प्रकोष्ठ का अध्यक्ष नियुक्त किया है, तो दिल्ली के पूर्व विधानसभा अध्यक्ष डॉ योगानंद शास्त्री की बेटी प्रियंका सिंह को शिकायत प्रकोष्ठ का अध्यक्ष बनाया है। इसी तरह पूर्व विधायक रोहित मनचंदा को कारपोरेट प्रकोष्ठ का तो डॉ अजय शर्मा को डॉक्टर प्रकोष्ठ के अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है।

पार्टी सूत्रों की मानें तो पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय माकन के कार्यकाल में शर्मिष्ठा मुखर्जी को प्रदेश कांग्रेस का मुख्य प्रवक्ता सह जनसंपर्क विभाग का प्रमुख नियुक्त किया गया। बाद में मुखर्जी को प्रदेश महिला कांग्रेस का अध्यक्ष भी बनाया गया। जनसंपर्क विभाग का प्रमुख होने के नाते अब तक सामान्य मीडिया विभाग व सोशल मीडिया विभाग वही देख रही थीं लेकिन मीडिया प्रकोष्ठ में नई नियुक्तियों के बाद एक ही विभाग में दो प्रमुख जैसी स्थिति कायम होने की आशंका जताई जा रही है। इसी तरह कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की ओर से शशि थरूर की अगुआई में अखिल भारतीय स्तर पर प्रोफेशनल कांग्रेस के गठन के बाद दिल्ली में भी इसकी इकाई गठित की गई और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष माकन के करीबी रहे अमन पंवार को उसका अध्यक्ष बनाया गया। प्रोफेशनल्स कांग्रेस में डॉक्टर, प्रोफेसर के अलावा कारपोरेट के लोगों को भी शामिल किया गया था।

माकन के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष पद से हटने से पहले ही पंवार को अखिल भारतीय कांग्रेस में जिम्मेदारी मिल गई और उन्होंने दिल्ली प्रोफेशनल्स कांग्रेस छोड़ दी। फिलहाल योगेश सचदेवा उनकी जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। पार्टी सूत्रों का कहना है कि नई नियुक्तियों के बाद मीडिया प्रकोष्ठ के अलावा प्रोफेशनल कांग्रेस को लेकर भी दुविधा की स्थिति कायम हो सकती है। हालांकि नवनियुक्त पार्टी प्रवक्ता जितेंद्र कोचर ने ऐसी किसी आशंका को खारिज करते हुए कहा कि ऐसा कुछ भी नहीं है। सभी आपस में मिलकर कांग्रेस की मजबूती के लिए काम करेंगे। उन्होंने बताया कि जिन पदों पर नियुक्तियां की गई हैं, वे पहले से खाली थे।