Dinesh Lal Yadav: उत्तर प्रदेश में इस लोकसभा चुनाव में सबकी निगाहें आजमगढ़ की सीट पर हैं। यह सीट समाजवादी पार्टी के सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव का परंपरागत सीट रही है। 2019 के चुनाव में इस सीट से सपा मुखिया और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव महागठबंधन की ओर से पिता की जगह चुनाव लड़ रहे हैं। वहीं अखिलेश को टक्कर देने के लिए हाल ही में भाजपा में शामिल हुए भोजपुरी एक्टर व गायक दिनेश लाल यादव उर्फ निरहुआ मैदान में हैं। आजमगढ़ की यह सीट यादव बहुल इलाका है। इस बार बीजेपी ने तगड़ा चक्रव्यूह रचा है। लेकिन कभी सपा के लिए प्रचार करने वाले निरहुआ की उम्मीदवारी का आजमगढ़ समेत पूर्वांचल में काफी विरोध भी हो रहा है। निरहुआ ने पिछले साल ही समाजवादी पार्टी के चुनाव प्रचार में काफी बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया था।
बता दें कि निरहुआ का विरोध सिर्फ सड़कों पर नहीं बल्कि यूट्यूब जैसे लोकप्रिय माध्य्म पर बिरहा के जरिए हो रहा है। यह वीडियो काफी वायरल हो रहा है। इस बिरहा को धर्मेंद्र यादव नामक बिरहा गायक ने गाया है। बिरहा में वे दिनेश लाल यादव को पलटू राम संबोधित करते हैं और कहते हैं किअखिलेश भैया ने तुमको क्या नहीं दिया है। निरहुआ का विरोध करते हुए धर्मेंद्र गाते हैं कि, ‘अखिलेश के करनी भुलाय गइला निरहु, मोदी के गोदी में लुकाय गइला निरहु।’ कहते हैं कि, ‘कैसे अखिलेश ने आपकी मदद की, यश भारती जैसा सम्मान दिया, और आप मोदी के पाले में चले गए। जिस पेड़ ने छाँव दिया कुल्हाड़ी लेकर उसे ही काटने आ गए।’
इन वीडियोज के व्यूज लाखों में हैं। इस बिरहा को खूब सुना जा रहा है। लोगा जमकर साझा भी कर रहे हैं। इस बिरहा में धर्मेंद्र यादव निरहुआ की जमकर क्लास लगाते हैं। बिरहा पूर्वी उत्तर प्रदेश का एक फोक गायन शैली रही है। यह गांवों में काफी लोकप्रिय है। यादव बहुल क्षेत्रों में तो इस शैली का अभी भी काफी क्रेज है।
(और ENTERTAINMENT NEWS पढ़ें)