Rajnath Singh Lucknow Lok Sabha Seat: देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को बीजेपी ने लगातार तीसरी बार लखनऊ लोकसभा सीट से चुनाव मैदान में उतारा है। राजनाथ सिंह इससे पहले साल 2009 में गाजियाबाद से सांसद चुने गए थे। चंदौली के एक आम परिवार में जन्मे राजनाथ सिंह अपने छात्र जीवन में ही एबीवीपी और RSS से जुड़ गए थे, वह आगे चलकर बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बने और वर्तमान में वह मोदी सरकार में रक्षा मंत्रालय संभाल रहे हैं।

10 जुलाई 1951 को चंदौली जिले में जन्म राजनाथ सिंह ने गोरखपुर से पोस्ट ग्रेजुएशन किया और मिर्जापुर के एक कॉलेज में बतौर लेक्चरर काम किया। वह साल 1972 में मिर्जापुर जिले में संघ के कार्यवाह बनाए गए। वह एबीवीपी गोरखपुर मंडल के संगठन सचिव भी रहे। उन्होंने साल 1974 में राजनीति में एंट्री की और 1977 में पहली बार विधायक चुने गए।

1991 में बने यूपी के शिक्षा मंत्री

राजनाथ सिंह साल 1988 में एमएलसी बने। इसके बाद साल 1991 में उन्हें यूपी का शिक्षा मंत्री नियुक्त किया गया। साल 1994 में राज्यसभा सदस्य बने। वह अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार में ट्रांसपोर्ट मंत्री बनाए गए। इसके बाद वह अक्टूबर 2000 में यूपी के सीएम बने। वह दो बार बाराबंकी की हैदरगढ़ विधानसभा सीट से विधायक चुने गए। साल 2003 वह वाजपेयी सरकार में कृषि मंत्री बनाए गए।

राजनाथ सिंह इसके बाद 31 दिसबंर 2005 को बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने गए, वह इस पद पर दिंसबर 2009 तक रहे। साल 2009 में राजनाथ सिंह गाजियाबाद से सांसद चुने गए। 2014 और 2019 में वह लखनऊ से सांसद चुने गए और मोदी सरकार में पहले गृह मंत्री और दूसरे कार्यकाल में रक्षा मंत्री बनाए गए।