Rajnandgaon Chhattisgarh Vidhan Sabha Election Result 2018: छत्‍तीसगढ़ के मुख्‍यमंत्री डॉक्‍टर रमन सिंह लगातार तीसरी बार राज्‍य की सत्‍ता हासिल करने की कोशिश में जुटे थे लेकिन उन्हें इस बार निराशा हाथ लगी है। हालांकि रमन सिंह ने राजनंदगांव से अपनी सीट निकाल ली है। कड़े मुकाबले में उन्होंने कांग्रेस की करुणा शुक्ला को 16,933 वोटों से मात दे दी है। दोनों के बीच काफी कड़ी टक्कर चल रही थी। टक्कर इतनी मजेदार थी कि एक बार तो सिर्फ 100 वोटों तक का अंतर पहुंच गया था। हालांकि अपनी पारंपरिक सीट बचाने में रमन सिंह सफल रहे।

राज्य से बीजेपी को बुरी हार मिली है। यहां कांग्रेस को तीन चौथाई बहुमत मिला है। जहां कांग्रेस के खाते में 66 सीटें आ रही हैं वहीं बीजेपी को केवल 15 लीटों से संतोष करना पड़ सकता है। इससे पहले चुनाव प्रचार के दौरान सीएम रमन सिंह ने पूरा जोर लगा दिया था। वह राजनंदगांव से चुनाव लड़ते हैं, ऐसे में हर किसी की नजरें इस सीट पर टिकी रहती है। हालांकि, इस बार रमन सिंह को कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ा। कांग्रेस ने इस बार राजनंदगांव सीट से पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की भतीजी करुणा शुक्‍ला को चुनाव में उतारा था।

बता दें कि वाजपेयी जी का अगस्‍त में लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया था। ऐसे में उनकी भतीजी होने के चलते करुणा शुक्‍ला के प्रति भी लोगों में सहानुभूति का भाव है। ऐसे में इस बार राजनंदगांव की सीट पर विशेषज्ञों के साथ आमलोगों की भी नजरें टिकी थी।

Election Result 2018 : Rajasthan | Telangana | Mizoram | Madhya Pradesh | Chhattisgarh 

Live Blog

15:25 (IST)11 Dec 2018
3120 वोटों से आगे निकले रमन सिंह

रमन सिंह राजनंदगांव विधानसभा सीट पर धीरे-धीरे अपने जीत की राह मजबूत करते दिख रहे हैं। 100 वोटों के अंतर से बढ़कर 3120 तक पहुंच गया है। अब करुणा शुक्ला के लिए जीत हासिल करना लगभग ना के बराबर लग रहा है।

14:45 (IST)11 Dec 2018
1300 से ज्यादा वोटों से आगे हुए रमन सिंह

राजनंदगांव विधानसभा सीट से रमन सिंह 1375 मतों से आगे हो गए हैं। इस सीट पर कांग्रेस की करुणा शुक्ला उन्हें जबरदस्त टक्कर दे रही हैं। 

13:47 (IST)11 Dec 2018
रमन सिंह ने ली लीड, करुणा शुक्ला 11 00 वोटों से पीछे

राजनंदगांव में रमन सिंह ने फिर से लीड ले ली है। ताजा रुझानों के मुताबिक कांग्रेस की करुणा शुक्ला अब 11 00 वोटों से पीछे हो गई हैं। काफी लंबे समय से वोटों का अंतर 100 के इर्द-गिर्द ही घूम रहा था। फिलहाल रमन सिंह के लिए ताजा आंकड़ें राहत देने वाले साबित हो सकते हैं।

13:11 (IST)11 Dec 2018
करुणा शुक्ला मार सकती हैं बाजी

राजनंदगांव विधानसभा सीट से करुणा शुक्ला जीत सकती हैं। ताजा रुझानों के मुताबिक वह रमन सिंह से मात्र लगभग 100 वोटों से ही पीछे हैं। भताया जा रहा है कि आगे ये नतीजे उलट भी सकते हैं। 

12:47 (IST)11 Dec 2018
इस बार कठिन दिख रही रमन सिंह की डगर

रमन सिंह ने पहली बार विधानसभा का चुनाव 2004 में राजनंदगांव के डोंगरगांव विधानसभी सीट से चुनाव लड़ा था। 2008 में उन्होंने सीट बदलकर राजनंदगांव विधानसभी सीट को चुना। यहां से भी वह जीते। 2013 में भी उन्हें इस सीट पर विजय हासिल हुई थी। लेकिन इस बार उन्हें ये सीट जीतने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ रही है।

11:40 (IST)11 Dec 2018
रमन सिंह पर भारी पड़ सकती हैं करुणा शुक्ला

रमन सिंह और करुणा शुक्ला में बेहद रोमांचक जंग चल रही है। रमन सिंह आगे चल रहे हैं लेकिन सिर्फ 145 वोटों से। इस सीट पर कुछ भी हो सकता है।

11:17 (IST)11 Dec 2018
रमन-करुणा में कांटे की टक्कर

राजनंदगांव में सस्पेंस बना हुआ है। इस सीट पर कांग्रेस और बीजेपी में कांटे की टक्कर चल रही है। रमन सिंह हालांकि आगे हैं लेकिन वोटों का अंतर बेहद कम है। करुणा शुक्ला उन्हें हर बूथ पर कड़ी टक्कर देती दिख रही हैं।

10:15 (IST)11 Dec 2018
पीछे चलने के बाद फिर रमन सिंह आगे

शुरुआती रुझानों में मुख्यमंत्री रमन सिंह से कांग्रेस प्रत्याशी करुणा शुक्ला 1 हजार वोटों से आगे चल रही थीं। हालांकि पीछे चलने के बाद रमन सिंह ने फिर से बढ़त बना ली है।

10:03 (IST)11 Dec 2018
करुणा शुक्ला से दे रहीं कड़ी टक्कर

राजनंदगांव से सीएम रमन सिंह आगे चल रहे हैं। फिलहाल कांग्रेस की करउणा शुक्ला उनसे बहुत ज्यादा पीछे नहीं है। करुणा शुक्ला चुनावों से ऐन पहले बीजेपी छोड़ कांग्रेस में शामिल हुई थीं। 

09:51 (IST)11 Dec 2018
कांटे के मुकाबले में रमन सिंह आगे

राजनंदगांव से प्रदेश के सीएम रमन सिंह आगे चल रहे हैं। हालांकि अटल बिहारी वाजपेयी की भतीजी और कांग्रेस प्रत्याशी करुणा शुक्ला उन्हें कांटे की टक्कर दे रही हैं।