राजस्थान विधानसभा चुनाव के लिए 25 दिसंबर को हुए मतदान की गिनती पूरी हो चुकी है। इस चुनाव की कुछ चर्चित सीटों में से एक झोटवाड़ा विधानसभा का मुकाबला काफी दिलचस्प रहा। कांग्रेस की ओर से एनएसयूआई के प्रदेश अध्यक्ष अभिषेक चौधरी मैदान में थे जिन्हें बीजेपी के उम्मीदवार और पूर्व केंद्रीय मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने 50000 से ज्यादा वोटों से हरा दिय। राज्यवर्धन सिंह राठौड़ को कुल 146440 वोट मिले जबकि अभिषेक को 96055 वोट मिले। निर्दलीय प्रत्याशी आशु सिंह सूरपुरा तीसरे नंबर पर रहे जिन्हें 54727 वोट मिले।

क्या हैं झोटवाड़ा का समीकरण

झोटवाड़ा जयपुर ग्रामीण लोकसभा/संसदीय निर्वाचन क्षेत्र का हिस्सा है। झोटवाड़ा राजस्थान के जयपुर जिले और मध्य क्षेत्र में आता है। इसे ग्रामीण सीट की श्रेणी में रखा गया है। सीट पर कुल 3,56,039 मतदाता हैं, जिनमें 1,86,731 पुरुष मतदाता और 1,69,308 महिला मतदाता शामिल हैं। 2018 में इस सीट पर कांग्रेस के ललचन्द कटारिया ने जीत हासिल की थी। इस सीट पर भाजपा के लिए बड़ी चुनौती बने हुए हैं आशु सिंह सूरपुरा, जिन्हें बीजेपी से टिकट मिलने की उम्मीद थी।

राज्यवर्धन सिंह राठौड़

राज्यवर्धन सिंह राठौड़ खेल से लेकर सियासत के मैदान तक एक बेहतरीन खिलाड़ी रहे हैं। मैनचेस्टर में 2002 के राष्ट्रमंडल खेलों में, राठौड़ ने स्वर्ण पदक जीता था और 200 में से 192 लक्ष्यों का नया राष्ट्रमंडल खेल रिकॉर्ड बनाया, जो अभी भी कायम है। राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने 2006 में मेलबर्न राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक भी जीता था। इस ही तरह वह और भी कई पदकों के विजेता रहे हैं।

खेल के सफर से वह राजनीति की ओर बढ़े और 10 सितंबर 2013 को भारतीय सेना से रिटायरमेंट लेने के बाद राज्यवर्धन सिंह राठौड़ भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए। उन्हें 2014 के लोकसभा चुनाव में जयपुर ग्रामीण निर्वाचन क्षेत्र से सांसद के रूप में मैदान में उतारा गया। यहां से वह जीत कर सामने आए। 9 नवंबर 2014 को उन्हें नरेंद्र मोदी सरकार के तहत सूचना और प्रसारण राज्य मंत्री के रूप में शपथ ली। उन्हें 3 सितंबर 2017 को खेल मंत्री नियुक्त किया गया था। मई 2018 में वह सूचना और प्रसारण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) बने। इस बार राज्यवर्धन सिंह राठौड़ को पार्टी ने जयपुर की झोटवाड़ा विधानसभा से मैदान में उतारा है।