राजस्थान चुनाव के लिए कांग्रेस ने अपने प्रत्याशियों की दूसरी लिस्ट जारी कर दी है। कुल 43 उम्मीदवारों का ऐलान कर दिया गया है। इस बार पार्टी ने सीएम अशोक गहलोत के कई करीबियों को भी टिकट दिया है। पार्टी ने दूसरी लिस्ट में कई ऐसे उम्मीदवारों को भी जगह दी है जिनके आने से सियासी समीकरण काफी बदल सकते हैं।

दूसरी सूची में कांग्रेस डीग से विश्वेंद्र सिंह को टिकट दिया है, केकरी से रघु शर्मा, सिविल लाइन्स से प्रताप सिंह को मौका मिला है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के करीबी माने जाने वाले प्रमोद जैन को भी आंता से मौका दे दिया गया है। वैसे पार्टी ने वर्तमान मंत्रियों पर भी पूरा भरोसा जताया है, इसी वजह से गोविंद राम मेघवाल, बीडी कल्ला, प्रसादी लाल मीना जैसे नेताओं को आगे किया गया है। दूसरी सूची में सीएम गहलोत के ही करीबी माने जाने वाले बाबू लाल नागर को भी दूदू से इस पार टिकट दे दिया गया है।

वैसे इस बार कांग्रेस ने अपने नाराज चल रहे नेताओं को भी मनाने का काम कर लिया है। इसी वजह से पिछले चुनाव में जो नेता निर्दलीय के रूप में चुनाव लड़ लिए थे, उन्हें भी इस बार टिकट दे दिया गया है। इस लिस्ट में संयम लोढ़ा, ओमप्रकार हुड़ला, खुशवीर सिंह जैसे नेता शामिल हैं।

राजस्थान चुनाव की बात करें तो शनिवार को बीजेपी ने भी अपनी लिस्ट जारी की थी। लेकिन पार्टी को कुछ विरोध का भी सामना करना पड़ा है। कुछ ऐसे उम्मीदवारों को टिकट दिया है जिनका कार्यकर्ताओं ने स्वागत नहीं किया। असल में चितौड़गढ़ से बीजेपी ने इस बार चंद्रभान आक्या का टिकट काट दिया है। उनकी जगह नरपत सिंह राजवी को मौका दिया गया है। इस फेरबदल से आक्या के समर्थक खासा नाराज हो गए और उनकी तरफ से प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी के ही पोस्टर जला दिए गए।