Rajasthan Vidhan Sabha Chunav Result 2023: राजस्थान विधानसभा चुनाव में राज्य की जनता ने एक बार फिर राज बदलकर रिवाज कायम रखा है। चुनाव आयोग की आधिकारिक वेबसाइट के अनुसार, 115 सीटों पर आगे चल रही भाजपा 72 पर जीत दर्ज कर ली है और 43 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। वहीं, सत्तारूढ़ कांग्रेस 69 सीटों में से 40 पर जीत दर्ज कर चुकी है और 29 पर बढ़त बनाए हुए है। बीजेपी ने जहां कांग्रेस को बुरी तरह पछाड़ते हुए बहुमत के आंकड़े को पार कर बड़ी जीत दर्ज की है। वहीं कांग्रेस के 25 में से 17 मंत्री चुनाव हार गए हैं। प्रदेश की दो सीटों चोरासी और धारियावाड़ पर भारत आदिवासी पार्टी के प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की है। वहीं, एक सीट बसपा के खाते मे आई और दूसरी पर वह बढ़त बनाए हुए है। इनके अलावा 3 सीटों पर निर्दलीयों ने बाजी मार ली है, जबकि सीटों पर भी निर्दलीय प्रत्याशी आगे चल रहे हैं। राजस्थान की झालरापाटन सीट से पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा नेता वसुंधरा राज चुनाव जीत गई हैं, वहीं आमेर सीट से चुनाव लड़ रहे भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया हार गए हैं।

Live Updates

राजस्थान विधानसभा चुनाव परिणाम 2023 से जुड़े पल-पल के अपडेट्स के लिए पढ़ें jansatta.com का LIVE ब्लॉग।

06:42 (IST) 3 Dec 2023
Rajasthan Election Result 2023 Live: हम पूर्ण बहुमत से सरकार बनाएंगे- गोविंद सिंह डोटासरा

राजस्थान विधानसभा चुनाव नतीजों पर कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा, “राजस्थान के मतदाताओं ने पार्टी के सुशासन के कारण कांग्रेस उम्मीदवारों पर अपना पूरा विश्वास और समर्थन दिखाया है. कांग्रेस की गारंटी और 5 साल के काम के कारण जनता चाहती है कि यह सरकार दोबारा बने। हम पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएंगे।”

निर्वाचन विभाग के अनुसार 51890 मतदान केन्द्रों पर ईवीएम में प्राप्त मतों की गणना के लिए मतगणना केन्द्रों पर 2524 टेबल लगाई गई है। इनमें कुल 4245 राउंड में मतों की गिनती का कार्य पूरा होगा। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि केंद्रीय पुलिस बलों की 40 कंपनियां ईवीएम की सुरक्षा के लिए और आरएसी की 36 कम्पनियां मतगणना केंद्रों पर तैनात रहेंगी। आरएएसी की 99 कंपनियां विभिन्न जिलों में कानून-व्यवस्था के मद्देनजर तैनात की जाएंगी।