Rajasthan Election 2023 News: राजस्थान विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने मंगलवार को जयपुर में अपना घोषणापत्र जारी कर दिया। पार्टी ने इसमें जनता के लिए कई नए वादे किए हैं। पार्टी ने कहा है कि उसकी सरकार आने पर दस लाख लोगों को रोजगार दिए जाएंगे। चार लाख बेरोजगारों को सरकारी नौकरी भी देगी। पार्टी ने वादा किया है कि वह पंचायत स्तर पर सरकारी भर्ती के लिए नई तरह की योजना शुरू करेगी। इसमें जमीनी स्तर पर ही युवाओं को रोजगार दिए जाएंगे। कांग्रेस ने कहा है कि युवाओं को गांव में व्यापार शुरू करने के लिए पांच लाख रुपये बिना ब्याज का लोन भी दिया जाएगा।
किसानों के लिए नया MSP कानून लाएंगे, दो लाख लोन भी देंगे
महिलाओं के लिए भी पार्टी ने कई नए वादे किए हैं। इसमें बताया गया है कि घर की मुखिया महिला को हर साल दस हजार रुपए दिए जाएंगे। 500 रुपये में मिलने वाले गैस सिलेंडर अब 400 रुपये में देगी। इसके अलावा सरकार गाय-भैंस पालने वाले पशुपालकों से दो रुपए किलो गोबर भी खरीदेगी। पार्टी ने किसानों से वादा किया है कि कांग्रेस सरकार आने पर वह स्वामीनाथन कमेटी की सिफारिशों के अनुसार फसलों की खरीद के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) कानून बनाएगी और उनको बिना ब्याज के दो लाख रुपए का लोन देगी। कृषि बजट के तहत शुरू किए गये 12 मिशनों को बढ़ाकर इसे दो गुना किया जाएगा।
राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे बोले- सभी वादे पूरे किए जाएंगे
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की मौजूदगी में पार्टी ने राजस्थान विधानसभा चुनाव के लिए मतदान से चार दिन पहले घोषणापत्र जारी किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और वरिष्ठ नेता सचिन पायलट समेत कई अन्य नेता मौजूद रहे। मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा, “हम निश्चित रूप से घोषणाओं को लागू करेंगे। इसमें कोई संदेह नहीं है।”
पार्टी ने कहा है कि महिला सुरक्षा के लिए हर गांव और हर वार्ड में महिला सुरक्षा प्रहरी नियुक्त किए जाएंगे और यौन उत्पीड़न मामलों में तुरंत न्याय के लिए इनके औसत जांच समय में कमी लाने के लिए जरूरी कदम उठाए जाएंगे।
घोषणा पत्र जारी करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा, “प्रधानमंत्री ने कहा था कि जब मेरी मां-बहनें चूल्हे के सामने बैठ कर फुंकनी से फूंकती हैं और धुंआ आंखों में आता है, ये मुझसे देखा नहीं जाता इसलिए मैं फ्री गैस सिलेंडर दूंगा। उन्होंने पहला गैस सिलेंडर फ्री में दिया। बाद में उसे बढ़ाते-बढ़ाते 1150 का कर दिया। अब चुनाव आया तो 200 रुपए में कर दिया। आपने पहले 450 का सिलेंडर 1150 का कर दिया। इतना पैसा निकालने के बाद आप हमें 200 दे रहे हैं। ये हमें बोलते हैं कि हम रेवड़ी बांट रहे हैं, फिर वोट लेने के लिए 5 किलो राशन दे रहे हैं। इसे क्या कहें?”