सियासत में सफलता की बुलंदियों को छू चुके मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को कांग्रेस इस बार उन्हीं के गढ़ में घेर रही है। शुक्रवार को कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी भी मध्य प्रदेश के मैदान में उतरे हैं। राहुल ने पहले रायसेन में कांग्रेस प्रत्याशी पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश पचौरी के समर्थन में सभा को संबोधित किया। इस दौरे पर राहुल का रायसेन के अलावा बासौदा, भोजपुर और शिवराज के विधानसभा क्षेत्र बुधनी में सभाएं करने का कार्यक्रम है।

पोलिंग बूथ से एक इंच भी पीछे मत हटनाः राहुल
रायसेन में राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को निशाने पर लिया। राहुल ने सीबीआई विवाद, मेहुल चौकसी, विजय माल्या और नीरव मोदी समेत कई मसले उठाए। उन्होंने कहा, ‘झूठे वादे सुनने हैं तो मोदी जी के भाषण में जाइये। वहां आपको 15 लाख का झूठ मिलेगा, किसानों के कर्ज माफी का झूठ मिलेगा। सच्चाई सुनना है तो हमारी मीटिंग में आइए।’ राहुल ने कहा कि हम किसानों के पास फूड प्रोसेसिंग प्लांट लगाएंगे। राहुल ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से कहा कि कुछ ही दिन बचे हैं। पोलिंग बूथ पर जाइए, एक इंच भी पीछे मत हटना।

[bc_video video_id=”5849842032001″ account_id=”5798671092001″ player_id=”JZkm7IO4g3″ embed=”in-page” padding_top=”56%” autoplay=”” min_width=”0px” max_width=”640px” width=”100%” height=”100%”]

भाजपा के लिए इसलिए चिंताजनक
गौरतलब है कि शिवराज सिंह बुधनी विधानसभा सीट से चुनाव लड़ रहे हैं और कांग्रेस ने यहां उनके खिलाफ पार्टी के मजबूत नेता पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अरुण यादव को उतारा है। शिवराज की सीट पर कांग्रेस का ताबड़तोड़ प्रचार भाजपा के लिए चिंताजनक हो सकता है। शिवराज के गृह क्षेत्र में उनकी पत्नी साधना सिंह चौहान और बेटे कार्तिकेय चौहान को कई बार जनता की नाराजगी का शिकार होना पड़ गया है। जनसंपर्क के दौरान उनके कई वीडियो सामने आए जिनमें जनता ने तल्ख अंदाज में सवाल पूछे हैं। उसके बाद कांग्रेस का मजबूत चेहरा और फिर ताबड़तोड़ प्रचार शिवराज का ध्यान अपने ही क्षेत्र में केंद्रित करने की रणनीति है। दौरे के दूसरे दिन राहुल सागर, दमोह और टीकमगढ़ में जनसभाएं करेंगे।