कांग्रेस नेता राहुल गांधी को लेकर बड़ी खबर आ रही है, कहा जा रहा है कि वे यूपी से लोकसभा चुनाव लड़ने जा रहे हैं। कांग्रेस के सूत्रों का कहना है कि राहुल को चुनाव लड़ने के लिए मना लिया गया है। अब ये फैसला गांधी परिवार और अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को करना है कि वे अमेठी से ताल ठोकेंगे या फिर रायबरेली से इस बार दावेदारी ठोकेंगे। माना जा रहा है कि आज गुरुवार शाम तक पार्टी औपचारिक ऐलान कर सकती है।

जानकारी के लिए बता दें कि पिछले कई दिनों से कांग्रेस अमेठी और रायबरेली को लेकर असमंजस की स्थिति में फंसी हुई है। वो उम्मीवारों का ऐलान नहीं कर पा रही है। पहले कहा जा रहा था कि दोनों प्रियंका और राहुल चुनाव लड़ेंगे, लेकिन अब खबर है कि प्रियंका गांधी ने खुद को इस रेस से बाहर कर लिया है और सिर्फ राहुल ही फिर सियासी किस्मत आजमाने जा रहे हैं।

समझने वाली बात ये है कि वायनाड से भी राहुल गांधी ने ही चुनाव लड़ा है। अगर अब वे अमेठी या फिर रायबरेली से लड़ेंगे और जीत जाते हैं तो कोई एक सीट उन्हें छोड़नी पड़ेगी। इसी दुविधा की वजह से कई दिनों से किसी भी नाम का ऐलान नहीं किया गया। वैसे अमेठी की ग्राउंड रिपोर्ट इस ओर जरूर इशारा करती है कि राहुल गांधी को लेकर माहौल बन रहा है। अगर फिर यहां से चुनाव लड़ते हैं तो स्मृति ईरानी की राह आसान नहीं रहने वाली।

इसी तरह रायबरेली में भी जब जनता से सीधी बात की गई, पता चला कि एक बड़ा वर्ग गांधी परिवार का समर्थक बना बैठा है, किसी को भी उतार दिया जाए कांग्रेस की जीत की बात हो रही है। ऐसे में यहां से भी अगर राहुल को उतारा जाता है, कांग्रेस की जीतने की संभावनाएं बढ़ सकती हैं। वैसे अभी तक रायबरेली सीट पर बीजेपी ने भी अपने पत्ते नहीं खोले हैं।

वैसे कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने जरूर कहा है कि वे दोनों राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को चुनाव लड़ते देखना चाहते हैं। उनकी और पार्टी की ये मांग है कि दोनों नेता इस बार चुनावी मैदान में उतरें। उनके मुताबिक आखिरी फैसला भाई-बहन को ही करना है, शाम तक औपचारिक ऐलान किया जा सकता है।