बीते दिनों कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक दिल्ली में हुई थी। इस बैठक में लोकसभा चुनावों में पार्टी की हार पर मंथन हुआ। इसी बीच पार्टी की इस बुरी हार के बाद कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने अपने पद से इस्तीफे की पेशकश कर दी है। हालांकि बैठक में सदस्यों को मना करने के बाद राहुल गांधी ने इसे लेकर कोई ऐलान नहीं किया है। लेकिन सूत्रों के अनुसार, राहुल गांधी अभी भी अपने फैसले पर अड़े हैं और पार्टी अध्यक्ष का पद छोड़ना चाहते हैं। अब एनडीटीवी के हवाले से खबर आयी है कि जल्द ही CWC की एक और बैठक हो सकती है। एनडीटीवी ने सूत्रों के हवाले से कहा है कि इस बैठक में पार्टी के नए अध्यक्ष के नाम पर चर्चा हो सकती है।

Loksabha Election 2019 Results live updates: See constituency wise winners list

सूत्रों के अनुसार, राहुल गांधी ने पार्टी नेताओं को निर्देश दिए हैं कि नए अध्यक्ष के लिए उनकी मां सोनिया गांधी और उनकी बहन प्रियंका गांधी के नाम पर विचार ना किया जाए। हालांकि पार्टी के नेता अभी भी राहुल गांधी को मनाने में जुटे हैं कि वह पार्टी अध्यक्ष का पद ना छोड़ें। बता दें कि देश की आजादी के बाद से कांग्रेस अध्यक्ष के पद पर अधिकतर समय गांधी परिवार का ही कब्जा रहा है। राजीव गांधी की हत्या के बाद सीताराम केसरी ने कुछ वक्त के लिए कांग्रेस अध्यक्ष का पद संभाला था, लेकिन उनका कार्यकाल कुछ खास नहीं रहा था और उनके बाद सोनिया गांधी ने पार्टी अध्यक्ष का पद संभाला था।

राहुल गांधी की बीते शनिवार से सभी बैठकें और कार्यक्रम रद्द कर दिए गए हैं। सोमवार को कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अहमद पटेल और केसी वेणुगोपाल ने राहुल गांधी से मुलाकात भी की। अहमद पटेल ने हालांकि इस बैठक को रुटीन प्रशासनिक काम के संबंध में बताया। इसके बाद अहमद पटेल ने ट्वीट कर कहा कि ‘मैंने CWC की मीटिंग से पहले रुटीन प्रशासनिक कामों के लिए कांग्रेस अध्यक्ष से समय मांगा था। सोमवार को हुई मीटिंग भी उसी संदर्भ में थी। अन्य सभी अफवाहें बेबुनियाद हैं।’ कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शशि थरुर का कहना है कि राहुल गांधी लोकसभा चुनावों की हार को निजी तौर पर ले गए हैं। बता दें कि हालिया लोकसभा चुनावों में कांग्रेस को बुरी तरह से हार का सामना करना पड़ा। कांग्रेस आम चुनावों में सिर्फ 52 सीटें ही जीत सकी। वहीं कई राज्यों में पार्टी का खाता भी नहीं खुला। इसके साथ ही राहुल गांधी अपनी पारंपरिक अमेठी सीट से भी हार गए।