कांग्रेस चुनाव प्रचार के दौरान राफेल डील का मुद्दा पूरे जोर-शोर से उठा रही है। इसके चलते अनिल अंबानी कांग्रेस के निशाने पर हैं। एक तरफ जहां कांग्रेस अनिल अंबानी पर निशाना साध रही है, वहीं दूसरी तरफ अनिल अंबानी के भाई और मशहूर उद्योगपति मुकेश अंबानी कांग्रेस प्रत्याशी का समर्थन करते नजर आ रहे हैं। दरअसल मुकेश अंबानी साउथ मुंबई से कांग्रेस उम्मीदवार मिलिंद देवड़ा का समर्थन कर रहे हैं। मिलिंद देवड़ा ने गुरुवार को अपने ट्विटर अकाउंट पर एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें कई छोटे, मझोले और बड़े बिजनेसमैन साउथ मुंबई के लिए मिलिंद देवड़ा का समर्थन कर रहे हैं। इसी वीडियो में मुकेश अंबानी भी दिखाई दे रहे हैं, जो कि साउथ मुंबई के लिए मिलिंद देवड़ा को सबसे बेहतर उम्मीदवार बता रहे हैं। इस वीडियो में मुकेश अंबानी के साथ ही अन्य मशहूर उद्योगपति उदय कोटक भी दिखाई दे रहे हैं।
इस वीडियो में कई अन्य लोग इंडस्ट्रीज को बढ़ावा देने और नौकरियों, रोजगार के मुद्दे पर मिलिंद देवड़ा का समर्थन करने की बात कर रहे हैं। बता दें कि ऐसा बहुत कम होता है, जब मुकेश अंबानी किसी राजनैतिक पार्टी या फिर राजनैतिक शख्सियत के लिए खुले तौर पर समर्थन करते नजर आएं। मिलिंद देवड़ा कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रहे मिलिंद देवड़ा के बेटे हैं। मिलिंद देवड़ा का मुकाबला शिवसेना के अरविंद सावंत के साथ है। पिछले लोकसभा चुनावों में अरविंद सावंत ने यहां से जीत दर्ज की थी, तब मिलिंद देवड़ा दूसरे नंबर पर रहे थे। हालांकि ऐसी खबर है कि चुनाव आयोग ने मिलिंद देवड़ा के समर्थन वाली वीडियो पर उन्हें नोटिस भेजकर जवाब मांगा है। दरअसल वीडियो में मिलिंद देवड़ा को सबसे बेहतर उम्मीदवार बताया गया है। जिस पर चुनाव आयोग ने इसे आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन मानते हुए नोटिस जारी किया है।
From small shopkeepers to large industrialists – for everyone, South Mumbai means business.
We need to bring businesses back to Mumbai and make job creation for our youth a top priority.#MumbaiKaConnection pic.twitter.com/d4xJnvhyKr
— Milind Deora (@milinddeora) April 17, 2019
बता दें कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी राफेल डील के मुद्दे पर मोदी सरकार के साथ ही अनिल अंबानी पर भी सीधा निशाना साध रहे हैं। राहुल गांधी का आरोप है कि पीएम मोदी ने फ्रांस की दसाल्ट कंपनी के साथ 36 राफेल विमानों की अपेक्षाकृत अधिक दामों पर डील अनिल अंबानी को फायदा पहुंचाने के लिए ही की गई। राफेल डील के अलावा अनिल अंबानी कई अन्य मामलों में भी मुश्किलों में घिरे हैं। बीते दिनों एरिक्सन मामले में बकाया नहीं चुकाने के चलते अनिल अंबानी पर कोर्ट की अवमानना का आरोप लगा था और उनके जेल जाने की स्थिति बन गई थी। हालांकि ऐसे वक्त में मुकेश अंबानी ने अनिल अंबानी की मदद की और 458 करोड़ रुपए की मदद की की थी। अनिल अंबानी ने इसके लिए मुकेश अंबानी का शुक्रिया भी अदा किया था।
