Punjab Exit Poll 2022: पंजाब विधानसभा चुनाव के नतीजे आगामी 10 मार्च को आएंगे। लेकिन उसके पहले आजतक के साथ-साथ एबीपी न्यूज के सर्वे में कांग्रेस के हाथ से पंजाब की सत्ता फिसलती दिख रही है। वहीं आम आदमी पार्टी को लेकर अनुमान है कि वो सत्ता हासिल कर सकती है।

ABP News C voter exit poll: एबीपी न्यूज सी वोटर के सर्वे के मुताबिक पंजाब विधानसभा चुनाव के नतीजों में कांग्रेस को 22 से 28 सीटें मिलती दिख रही है। वहीं आम आदमी पार्टी को 51 से 61 सीटों पर जीत की मिलने की संभावना है। इसके अलावा अकाली दल 20 से 26 सीटें जीत सकती है। वहीं बीजेपी की बात करें तो उसे सात से 13 सीटें ही मिलती दिख रही हैं।

India Today – Axis My India exit poll: पंजाब विधानसभा 2022 के लिए इंडिया टुडे एक्सिस माय के एग्जिट पोल में आम आदमी पार्टी सरकार बनाती दिख रही है। आप को 76 से 90 सीटें मिल सकती हैं। कांग्रेस को 19 से 31 सीटें मिल सकती हैं। अकाली को 7 से 11 सीटें मिल सकती हैं। बीजेपी गठबंधन को 1 से चार सीटें मिल सकती हैं। वहीं अन्य को 2 सीटें मिल सकती हैं।

Todays Chanakya exit Poll: टुडेज चाणक्य के एग्जिट पोल में भी आम आदमी पार्टी को सत्ता मिलती दिख रही है। बता दें कि इस एग्जिट पोल में सत्ताधारी कांग्रेस को 10 सीटें तो वहीं आप को 100 सीटें मिलती दिख रही है। इसके अलावा भाजपा को 1, और अकाली दल 6 सीटें हासिल कर सकती है।

Times Now Veto Exit Poll: टाइम्स नाउ वीटो के एग्जिट पोल के मुताबिक पंजाब में आप को 70 सीटें मिल सकती है। वहीं कांग्रेस को 22 सीटें मिल सकती हैं। इसके अलावा भाजपा को 5 और अकाली दल को 19 सीटें हासिल होने का अनुमान है। वहीं अन्य के खाते में एक सीट जा सकती है।

पंजाब में 20 फरवरी को वोटिंग हुई थी: पंजाब में 20 फरवरी को 117 विधानसभा सीटों पर वोटिंग हुई। इस दौरान करीब 72 फीसद वोटिंग हुई। राज्य में चुनाव इसबार काफी दिलचस्प रहा है। इसका कारण है कि चुनाव से कुछ समय पहले सत्ता में काबिज कांग्रेस के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने पार्टी का साथ छोड़ दिया और अपनी अलग पार्टी बना ली। इसके बाद कांग्रेस ने चरणजीत सिंह चन्नी को उनकी जगह मुख्यमंत्री बनाया।

इसके बाद पार्टी ने उन्हें अपना सीएम फेस भी बनाया है। वहीं कैप्टन ने पंजाब लोक कांग्रेस के नाम से अलग पार्टी बनाई और भाजपा के साथ मिलकर मैदान में उतरे। अन्य पार्टियों की बात करें तो आम आदमी पार्टी के प्रदर्शन पर सबकी निगाहें होंगी। भगवंत मान को पार्टी ने सीएम फेस बनाया है।

इसके अलावा यह भी देखने वाली बात होगी कि पीएम मोदी की सुरक्षा में चूक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का खालिस्तान के साथ संबंध को लेकर कुमार विश्वास के दावे का असर चुनाव पर कितना पड़ता है। साथ ही अकाली दल को इस चुनाव में क्या हाल होगा, उसपर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।

2017 में कांग्रेस ने बनाई थी सरकार: साल 2017 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने धमाकेदार प्रदर्शन करते हुए 117 में से 77 सीट जीतकर 10 साल बाद सत्ता में वापसी की थी। राज्य में पहली बार चुनाव लड़ी आम आदमी पार्टी को 20 सीटें मिली थीं। सिरोमनी अकाली दल और भाजपा का गठबंधन 18 सीटों पर सिमट गया था। 

2017 का एग्जिट पोल- अधिकतर एग्जिट पोल में कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के बीच कड़ी टक्कर का अनुमान जताया गया था। सी वोटर ने 63 सीटों के साथ आप को बहुमत मिलने का अनुमान जताया था। टुडेज चाणक्य के पोल में कांग्रेस और आप दोनों को 54-54 सीटें मिलने का अनुमान जताया था। एक्सिस ने आप को 62 से 71 और कांग्रेस को 42 से 51 सीटें मिलने का अनुमान जताया था। एबीपी ने कांग्रेस को 46 से 65 और आप को 36 से 46 सीटें मिलने का अनुमान जताया था।

क्या है एग्जिट पोल- एग्जिट पोल, मतदान केंद्र से बाहर निकलने के बाद मतदाताओं से एकत्र की गई जानकारी के आधार पर जारी किए जाते हैं। इसके आधार पर चुनाव परिणाम से पहले अनुमान लगाया जाता है कि कौन सी पार्टी को कितनी सीटें मिल रही हैं? कौन सरकार बना रहा है? लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम 1951 की धारा 126ए के तहत मतदान के समापन से पहले एग्जिट पोल जारी नहीं किया जा सकता।

और राज्यों में किस पार्टी की बन रही है सरकार, जानें यहां…