चुनाव प्रचार के लिए पंजाब के पठानकोट पहुंचीं कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी (Priyanka Gandhi) ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल पर जमकर निशाना साधा। प्रियंका गांधी ने ‘बड़े मियां तो बड़े मियां और छोटे मियां….’ कहकर उन्हें निशाने पर लिया। प्रियंका गांधी ने कहा कि बड़े मियां किसानों को आतंकवादी कहते हैं और छोटे मिया खुद आतंकवादियों के घर में जाकर रहते हैं।

प्रियंका गांधी ने कहा, “मैंने देखा कि पीएम मोदी और दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल पंजाबियत की बात कर रहे हैं, तो थोड़ी-बहुत मुझे हंसी आई।” प्रियंका गांधी ने कहा कि ये लोग पंजाबियत को कैसे समझेंगे, पंजाबियत को समझने के लिए उसे जीना पड़ता है।

पठानकोट की रैली में प्रियंका गांधी ने कहा, “आज जो नेता आपके सामने आकर पंजाबियत की बात करते हैं, उनमें से एक अपने बड़े-बडे़ उद्योगपति मित्रों के सामने झुक चुके हैं। दूसरे अरविंद केजरीवाल, सत्ता के लिए किसी के सामने झुक जाएंगे, ये सच्चाई है।”

प्रियंका गांधी ने कहा कि देश में पूरी तरह से अमीरों के लिए राजनीति चल रही है। नोटबंदी आई, जीएसटी थोपा गया, कोरोना और लॉकडाउन आया लेकिन आपके लिए कोई राहत नहीं मिली। कोरोना के समय केंद्र की भाजपा सरकार से कोई मदद नहीं मिली। जिन पीएसयू से रोजगार आते थे, उन सारे को उन्हीं दोनों उद्योपतियों को बेच डाले।”

वहीं, रैली के बाद प्रियंका गांधी ने मीडिया से बात करते हुए एक बार फिर भाजपा और आम आदमी पार्टी पर निशाना साधा। प्रियंका गांधी ने कहा, “AAP और भाजपा दोनों एक ही बिसात पर खेल रहे हैं। दोनों धर्म का, जज़्बातों का इस्तेमाल करते हैं। जनता का विकास कोई नहीं कर रहा है।”

केजरीवाल के पास सरकार चलाने का अनुभव नहीं- प्रियंका गांधी

कांग्रेस महासचिव ने कहा, “बड़ी-बड़ी घोषणाएं, कोई उद्योगपतियों के सामने झुक रहा है, दूसरे अरविंद केजरीवाल हैं जो इनके सामने झुक जाते हैं। केजरीवाल ने तो आज तक पूरी सरकार नहीं चलाई है। पूरी सरकार चलाने के लिए लॉ एंड ऑर्डर हाथ में हो, कोई फाइल तो आप पास कर सकें। बिना मोदीजी के इजाजत के इनकी फाइल तक पास नहीं होती है। ऐसे में पंजाब जैसे प्रदेश को कैसे चलाएंगे, अनुभव ही नहीं है उनको।”