पंजाब में विधानसभा चुनाव के लिए होने वाले मतदान से पहले शुक्रवार को प्रचार का शोर थम गया। प्रचार के आखिरी दिन सभी प्रमुख दलों के दिग्गजों ने रैली और रोड शो के जरिए समर्थन जुटाने की कोशिश की। वहीं, पूर्व सीएम और पंजाब लोक कांग्रेस के मुखिया कैप्टन अमरिंदर सिंह (Capt Amarinder Singh) ने शनि देव को शांत करने के लिए पूजा कराई।

कैप्टन अमरिंदर सिंह ने अपने न्यू मोती महल में ब्राह्मणों को भैंस का बच्चा दान किया। वहीं, पंडितों ने मंत्रों का उच्चारण किया और पूजा-पाठ भी करवाया। पंडितों का कहना था कि भैंस का बच्चा दान करने से शनि देव शांत होते हैं, साथ ही काली माता भी प्रसन्न होती हैं। चुनाव से पहले, इस टोटके की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रही हैं।

कैप्टन अमरिंदर सिंह ने शुक्रवार को पटियाला में गृह मंत्री राजनाथ सिंह के साथ रैली को संबोधित किया और इसके बाद रोड शो किया। अमरिंदर सिंह पटियाला से चुनाव लड़ रहे हैं और यहां पर उनका खासा वर्चस्व रहा है। कांग्रेस में रहने के दौरान कैप्टन अमरिंदर सिंह पंजाब में पार्टी का प्रमुख चेहरा रहे लेकिन कुछ महीनों पहले ही कांग्रेस और उनके रास्ते अलग हो गए।

अमरिंदर सिंह ने कांग्रेस से अलग होकर पंजाब लोक कांग्रेस नामक अपनी पार्टी बनाई है, जो विधानसभा चुनाव में भाजपा के साथ गठबंधन कर चुनाव लड़ रही है। इस गठबंधन में तीसरी पार्टी शिरोमणि अकाली दल (संयुक्त) है। अमरिंदर सिंह की पार्टी गठबंधन के तहत 37 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। राज्य में प्रमुख पार्टियों में कांग्रेस, भाजपा, अकाली दल, पंजाब लोक कांग्रेस और अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली आम आदमी पार्टी चुनाव मैदान में हैं।

वहीं, 1997 के बाद पहली बार भाजपा और शिरोमणि अकाली दल पंजाब में अलग-अलग चुनाव लड़ रही हैं। अकाली दल पहले एनडीए की सहयोगी पार्टी थी। लेकिन हाल ही में निरस्त किए गए कृषि कानूनों को लेकर असहमति के बाद अकाली दल और भाजपा के रास्ते अलग हो गए थे। पंजाब में एक चरण में 20 फरवरी को सभी 117 सीटों पर मतदान होगा।