कंचन यादव

आगामी 20 फरवरी को पंजाब विधानसभा चुनाव होंगे। इससे पहले राज्य के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी का एक विवादित बयान कांग्रेस के लिए मुसीबतें खड़ी कर रहा है। दरअसल सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें चन्नी ने कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा की सराहना करते हुए पंजाबियों को “एकजुट” होने और “यूपी, बिहार और दिल्ली के भैया” पंजाब में प्रवेश नहीं करने देने का आह्वान किया है।

बता दें कि चन्नी के इस बयान के बाद विपक्षी दल कांग्रेस पर हलमावर हैं। दरअसल बीते मंगलवार की शाम को रोपड़ में पंजाब युवा कांग्रेस के प्रमुख ब्रिंदर सिंह ढिल्लों के पक्ष में रोड शो के दौरान लोगों को संबोधित करते हुए चन्नी ने कहा, “प्रियंका पंजाब की बहू है। वह हमारी पंजाबन है। इसलिए पंजाबियों, एकजुट हो जाओ। यूपी, बिहार और दिल्ली के भैया राज करना चाहते हैं यहां। लेकिन हम उन्हें पंजाब में प्रवेश नहीं करने देंगे।” बता दें कि इस दौरान प्रियंका गांधी भी मौजूद रहीं।

सामने आए वीडियो में दिख रहा है कि जब चन्नी ने ये टिप्पणी की तो प्रियंका गांधी मुस्कुरा रही थीं और उन्होंने तालियां भी बजाईं। उन्होंने चन्नी और ढिल्लों से भी कहा, “इनको समझाइए कि मंच पर खड़े होकर नकली पगड़ी पहनने से कोई सरदार नहीं हो जाता। सरदार सरदार होते हैं।

वहीं दो दिन पहले मीडिया को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा था, “ये लोग भैया की तरह हैं। हम उन्हें पंजाब लाते हैं, उनका सम्मान करते हैं, उनकी देखभाल करते हैं। लेकिन हम उन्हें हमपर शासन करने की अनुमति नहीं दे सकते।”

चन्नी के इस तरह के बयान पर राजनीतिक बवाल मचा हुआ है। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने इस बयान की निंदा की है। उन्होंने बुधवार को कहा कि यह बहुत ही शर्मनाक है। हम किसी व्यक्ति या किसी विशेष समुदाय के खिलाफ की गई टिप्पणियों की कड़ी निंदा करते हैं। प्रियंका गांधी भी यूपी से ताल्लुक रखती हैं इसलिए वह भी ‘भैया’ हैं।

वहीं पंजाब में आप के सीएम उम्मीदवार भगवंत मान ने जालंधर में मीडिया से बात करते हुए कहा, “किसी भी समुदाय, राज्य या समूह पर टिप्पणी करना निंदनीय है।”

केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता भूपेंद्र यादव ने एक ट्वीट में कहा, “पहले राहुल गांधी ने कहा कि भारत एक राष्ट्र नहीं है। अब प्रियंका वाड्रा ने सीएम चरणजीत चन्नी के यूपी और बिहार के लोगों के बहिष्कार के आह्वान पर खुशी जताई है। कांग्रेस भारत को बांटने का काम करती रही है। इसलिए देश उन्हें राज्य दर राज्य खारिज कर रहा है।”

चन्नी के बयान पर बिहार सरकार में मंत्री संजय झा ने कहा, “हम उनके बयान की कड़ी निंदा करते हैं। प्रियंका गांधी इस पर ताली भी बजा रही हैं। बिहार के लोग जहां भी गए हैं उन्होंने मेहनत से अपनी जगह बनाई है, उस राज्य के विकास में योगदान किया है।

वहीं लुधियाना में मीडिया को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेता मनीष तिवारी ने कहा, ‘पगड़ी पंजाब का गौरव है। इसलिए इसे पहनने पर कोई राजनीति नहीं होनी चाहिए।” जहां कुछ कांग्रेस नेताओं ने कहा कि वह मोदी और केजरीवाल का जिक्र कर रहे हैं, जो मंच पर पगड़ी पहनते हैं, वहीं अन्य ने कहा कि तिवारी प्रियंका पर कटाक्ष कर रहे हैं।