पंजाब विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी ने अपनी तरफ से पंजाब के संगरूर से सांसद भगवंत मान को सीएम पद का चेहरा बनाया है। वहीं पार्टी के संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भगवंत मान को लेकर कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत तीन दिग्गजों ने कई लोगों को भगवंत मान के पीछे जांच के लिए लगाया लेकिन उन्हें कुछ ना मिला।

बता दें कि अरविंद केजरीवाल एबीपी न्यूज से बात करते हुए पंजाब में नशे की स्थिति पर अपना जवाब दे रहे थे। एंकर ने अरविंद केजरीवाल से कहा कि संसद में खुद पीएम मोदी ने भगवंत मान के बारे में कहा था कि वो नशा करते हैं। इस पर केजरीवाल ने कहा कि भगवंत मान को जब हमने सीएम कैंडिडेट बनाया तो सारी पार्टियों ने बड़ी-बड़ी टीम लगाई।

उन्होंने कहा कि पीएम मोदी, पंजाब सीएम चन्नी और बादल जी ने 50-50 लोगों की टीम बनाई और भगवंत मान के पीछे लगा दिया। इस पूरी जांच पड़ताल के बाद इन लोगों को सिर्फ तीन वीडियो मिले। वो भी कई साल पुराने थे। केजरीवाल ने कहा कि पंजाब का सबसे कट्टर ईमानदार आदमी भगवंत मान हैं।

इसके बाद एंकर ने केजरीवाल से सवाल किया कि आपको पीने वाले भगवंत मान के साथ काम करने में कोई दिक्कत नहीं है। इस पर केजरीवाल ने कहा कि आप बताइए कि पिछले 6-7 सालों में भगवंत मान को लेकर कोई मामला नहीं आया है।

भगवंत मान पर चन्नी का हमला: बता दें कि भगवंत मान को लेकर विपक्षी दलों के नेता आरोप लगाते हैं कि वो शराब पीते हैं। हाल ही में राज्य के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने बठिंडा में एक रैली को संबोधित करते हुये कहा कि पंजाब से आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार भगवंत मान एक शराबी और अनपढ़ व्यक्ति हैं। उन्होंने 12वीं पास करने के लिए तीन साल लगा दिये। ऐसे में हम उनको पंजाब की कमान कैसे दे सकते हैं।

यूपी बिहार को लेकर चन्नी का विवादित बयान: इन दिनों चन्नी का एक यूपी, बिहार और दिल्ली को लेकर दिया गया ताजा बयान काफी सुर्खियों में हैं। बीते मंगलवार को उन्होंने प्रियंका गांधी की मौजूदगी में एक चुनावी सभा में कहा कि प्रियंका पंजाबियों की बहू है, सारे पंजाबियों एक हो जाओ, जो यूपी, बिहार और दिल्ली से आकर यहां पर राज करना चाहते हैं उनको सफल नहीं होने देना है।