पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए 20 फरवरी को मतदान होगा। इससे पहले सत्तारूढ़ कांग्रेस ने पंजाब में अपने सीएम फेस की घोषणा कर दी है। बता दें कि कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने ऐलान किया है कि मौजूदा सीएम चरणजीत सिंह चन्नी ही मुख्यमंत्री पद के लिए कांग्रेस की तरफ से चेहरा होंगे।
सिद्धू ने खाई मां की कसम: चन्नी को सीएम चेहरा चुने जाने के बाद पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू ने पंजाब कांग्रेस से परिवारवाद खत्म करने को लेकर मां की कसम खाई है। बता दें कि एक वर्चुअल रैली के दौरान अपने संबोधन में सिद्धू ने मां की कसम खाते हुए कहा कि बहुत हो गया, अब किसी विधायक के बेटे को चेयरमैनशिप नहीं मिलेगी। पार्टी के कार्यकर्ताओं को चेयरमैनशिप मिलेगी। अगर परिवारवाद हुआ तो मैं अपने पद से इस्तीफा दे दूंगा।
उन्होंने कहा कि किसी पद पर रहते हुए एक दिन सभी को पूर्व हो जाना है लेकिन ये कार्यकर्ता कभी पूर्व(Ex) नहीं होते। अब बहुत हो गया।
बता दें कि सिद्धू का यह बयान ऐसे समय में आया है जब राहुल गांधी ने चन्नी को सीएम पद का चेहरा घोषित किया है। दरअसल खबरों की मानें तो सिद्धू भी खुद को सीएम पद की रेस में देख रहे थे। लेकिन उन्हें पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष के रूप में ही संतोष करना पड़ा है। वहीं राहुल गांधी ने सिद्धू के सामने चन्नी की तारीफ भी की।
राहुल गांधी ने कहा कि सीएम बनने के बाद चन्नी जी में अहंकार नहीं है। वो जनता के बीच जाते हैं। लेकिन क्या आपने कभी नरेंद्र मोदी को देखा है जनता के बीच जाते हुए? क्या उन्होंने सड़क पर किसी की मदद की? नहीं करेंगे क्योंकि वे प्रधानमंत्री नहीं राजा हैं।
वहीं चरणजीत सिंह चन्नी ने खुद को सीएम फेस बनाये जाने के बाद कहा कि वो पंजाब के लोगों के लिए हमेशा कार्यरत रहेंगे। उन्होंने कहा कि नवजोत सिंह सिद्धू पंजाब के लिए जो करना चाहेंगे वो कर सकते हैं। हम सब मिलकर पंजाब को आगे ले जाएंगे।