पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस के द्वारा मैनिफेस्टो जारी किए जाने से पहले प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू ने “पंजाब मॉडल” नाम से एक डॉक्यूमेंट जारी किया है। डॉक्यूमेंट जारी करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि इससे माफिया का सफाया होगा।
शनिवार को पंजाब मॉडल जारी करते हुए नवजोत सिंह सिद्धू ने ट्वीट किया कि जैसा कि पंजाब के लोगों से वादा किया गया था, गुरु नानक के ‘तेरा-तेरा’ और ‘सरबत दा भला’ के दर्शन से प्रेरित होकर ‘पंजाब मॉडल’ को साझा कर रहा हूं। पंचायत को सशक्त बनाने के लिए राजीव गांधी के विजन को जोड़ा गया है। इस नई व्यवस्था से सभी चोरी पर लगाम लगेगा, पंजाब से माफिया का सफाया होगा और लोगों के कल्याण के लिए खजाना भरा जाएगा।
नवजोत सिंह सिद्धू के द्वारा जारी किए गए पंजाब मॉडल में 13 बिंदुओं को शामिल किया गया है। जिसमें सरकारी सुधार, आय, किसान, महिला सशक्तिकरण, रोजगार, स्वास्थ्य, शिक्षा, उद्योग, स्किल्स, कानून, डिजिटल पंजाब समेत 13 मुद्दे शामिल किए गए हैं। इसके अलावा इसमें बाहर बसे पंजाबियों के लिए भी कुछ वादे किए गए हैं। इसमें किसानों को डायरेक्ट लेबर सब्सिडी देने की बात भी कही गई है।
इसके अलावा पांच साल में पांच लाख रोजगार देने के वादे भी किए गए हैं। साथ ही स्कूली छात्राओं को मोबाइल टेबलेट, महिलाओं को 2000 रुपए प्रति महीने देने की बात भी कही गई है। साथ ही आशा वर्कर्स को 3000, आंगनबाड़ी वर्कर्स को 10000 देने का भी जिक्र किया गया है। पंजाब मॉडल में मनरेगा मजदूरों को 350 रुपए देने का वादा भी किया गया है। पंजाब मॉडल को लेकर कहा गया है कि यह पंजाब को कल्याणकारी राज्य बनाएगा।
गौरतलब है कि पंजाब में 20 फरवरी को विधानसभा चुनाव होने हैं। जबकि मतगणना 10 मार्च को होगी। पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने चरणजीत सिंह चन्नी को मुख्यमंत्री उम्मीदवार घोषित किया है। हालांकि नवजोत सिंह सिद्धू भी इस रेस में शामिल थे। सिद्धू अमृतसर ईस्ट से चुनाव लड़ रहे हैं।