Lok Sabha Election 2019: लोकसभा चुनाव के मद्देनजर पूर्वांचल के दौरे पर निकली कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी मिर्जापुर पहुंची। यहां उन्होंने मां विंध्यवासिनी मंदिर में पूजा-अर्चना की। इस दौरान कुछ लोग पीएम नरेंद्र मोदी के समर्थन में मोदी- मोदी के नारे लगाने लगे। वहीं दूसरी तरफ यह देख कांग्रेस कार्यकर्ता और समर्थक भी ‘राहुल गांधी जिंदाबाद’ और ‘प्रियंका गांधी जिंदाबाद के नारे’ लगाने लगे। मंदिर परिसर में दोनों पार्टियों के समर्थकों के इस नारे से सियासी माहौल गर्म हो गया है।
प्रियंका के सामने लगे मोदी-मोदी के नारे: दरअसल, प्रियंका गांधी ने सोमवार को गंगा यात्रा की शुरुआत की थी। इस क्रम में वे आज मिर्जापुर के विंध्याचल मंदिर पहुंची थी लेकिन जब प्रियंका पहुंचीं तो वहां उनके सामने ही कुछ लोग मोदी-मोदी के नारे लगाने लगे। इस दौरान प्रियंका ने पूजा-अर्चना के बाद विजिटर बुक में ‘जय माता दी’ लिखा। बता दें कि इससे पहले प्रियंका ने कंतित मजार शरीफ पर जियारत भी की।
#WATCH 'Modi, Modi' chants heard in Mirzapur's Vindhyavasini Devi temple premises where Congress General Secretary UP-East Priyanka Gandhi Vadra was visiting today. pic.twitter.com/DXCOnCJc4p
— ANI UP/Uttarakhand (@ANINewsUP) March 19, 2019
प्रियंका ने चढ़ाई चादर: अपने पूर्वांचल दौरे के दौरान प्रियंका गांधी कंतित शरीफ इस्माइल चिश्ती की मजार पर पहुंचीं। यहां उन्होंने मजार पर चादर चढ़ाई। बता दें कि प्रियंका से पहले इस मजार पर पूर्व पीएम इंदिरा गांधी, यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी भी आ चुके हैं।
राहुल की सभा में भी लगे थे नारे: बता दें कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की कर्नाटक रैली में कुछ बीजेपी समर्थकों ने मोदी-मोदी लगाए थे। इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर उनकी पिटाई का आरोप लगा था। बीजेपी ने आरोप लगाया था कि कर्नाटक में जेडीएस और कांग्रेस सरकार में लोकतंत्र खतरे में है।

