Lok Sabha Election 2019: कांग्रेस महासचिव और पूर्वी यूपी की प्रभारी प्रियंका गांधी ने पीएम नरेंद्र मोदी निशाना साधा है। उन्होंने पीएम मोदी के वंशवाद पर दिए गए बयान के जवाब में कहा कि बीजेपी पिछले पांच सालों से लगातार मीडिया समेत प्रत्येक संस्थाओं पर हमला कर रही है। प्रियंका ने कहा कि पीएम मोदी को लोगों को बेवकूफ बनाना बंद कर देना चाहिए क्योंकि लोग सब समझ रहे हैं। बता दें कि प्रियंका आज (बुधवार) को पीएम के संसदीय क्षेत्र वाराणसी पहुंचेंगी।

पीएम मोदी पर बोलीं प्रियंका: दरअसल, वंशवाद की राजनीति पर पीएम नरेंद्र मोदी के तंज के बाद प्रियंका गांधी ने पलटवार करते हुए कहा है कि मोदी सरकार ने देश की संस्थाओं को नष्ट कर दिया है। उन्होंने कहा कि वे (मोदी) चाहें जितना हमें प्रताड़ित कर लें लेकिन हम डरने वाले नहीं हैं। साथ ही प्रियंका ने कहा कि पीएम मोदी लोगों को बेवकूफ समझना बंद करें।

प्रियंका ने कहा हम डरने वाले नहीं: अपने पूर्वांचल दौरे के आखिरी दिन प्रियंका ने कहा कि जो लोग सत्ता में होते हैं उन्हें दो गलतफहमी होती है। पहली गलती ये कि वो आसानी से लोगों को गुमराह कर सकते हैं और दूसरी ये कि उन्हें लगता है जो उनके खिलाफ बोलते हैं वो उनसे डरते हैं। इसके बाद उन्होंने कहा कि हम उनसे (मोदी) डरते नहीं। वे जितना डराएंगे हम उतनी जोर से उनसे लड़ेंगे।

 

क्या था पीएम ट्वीट: दरअसल पीएम मोदी ने बिना नाम लिए ट्विटर से वंशवाद की राजनीति पर निशाना साधते हुए लिखा, “वंशवाद की राजनीति से सबसे अधिक नुकसान संस्थाओं को हुआ है। मीडिया से संसद तक,. सैनिकों से लेकर फ्री स्पीच तक, संविधानसे लेकर कोर्ट तक, कुछ भी नहीं छोड़ा। कुछ विचार साझा कर रहा हूं…!” प्रियंका का आज का बयान पीएम मोदी के इस ट्वीट से जोड़कर देखा जा रहा है।

बीजेपी का जवाब: प्रियंका के बयान पर बीजेपी के प्रदेश महामंत्री और एमएलसी विजय बहादुर पाठक ने कहा कि उन्हें ( प्रियंका) डरा कौन रहा है? कांग्रेस पार्टी में देख लीजिये, अध्यक्ष से लेकर राष्ट्रीय महासचिव तक कौन बैठा है? लेकिन बीजेपी में एक बूथ कार्यकर्ता भी अध्यक्ष बन सकता है। क्या कांग्रेस में ऐसा संभव है?