Pratapgarh Lok Sabha Chunav Result 2024: लोकसभा चुनाव 2024 के परिणाम में यूपी की प्रतापगढ़ सीट पर समाजवादी पार्टी ने जीत दर्ज की है। 2019 में इस सीट पर बीजेपी के संगम लाल गुप्ता ही चुनाव जीते थे, लेकिन इस चुनाव में वह अपनी सीट हार गए। शिवपाल सिंह पटेल ने संगल लाल गुप्ता को 66206 वोटों के अंतर से हरा दिया। शिवपाल को कुल 441932 वोट प्राप्त हुए तो वहीं संगम लाल गुप्ता को 375726 वोट मिले।
प्रतापगढ़ लोकसभा सीट परिणाम 2024
उम्मीदवार | पार्टी | वोट प्राप्ति | हार/जीत का मार्जिन |
शिवपाल सिंह पटेल | समाजवादी पार्टी | 441932 | 66206 |
संगम लाल गुप्ता | बीजेपी | 375726 | 66206 |
संगम लाल गुप्ता और एसपी सिंह पटेल के बीच सीधी टक्कर
प्रतापगढ़ लोकसभा सीट से बीजेपी हाईकमान ने मौजूदा सांसद संगम लाल गुप्ता पर एक बार फिर से दांव खेला है। वहीं सपा ने यहां से एसपी सिंह पटेल को उतारा है। प्रतापगढ़ लोकसभा सीट कुंडा के विधायक राजा भैया के प्रभाव की सीट मानी जाती है। राजा भैया ने इस बार अपने समर्थकों से स्वतंत्र होकर वोट देने को कहा है, लेकिन सूत्रों के मुताबिक उनके समर्थकों ने सपा का समर्थन किया था।
2019 लोकसभा चुनाव में प्रतापगढ़ का परिणाम (Pratapgarh Lok Sabha Elections Result)
उम्मीदवार | दल | मत |
संगम लाल गुप्ता | बीजेपी | 4,36,291 |
अशोक त्रिपाठी | बीएसपी | 3,18,539 |
राजकुमारी रत्ना सिंह | कांग्रेस | 77,096 |
2019 के चुनाव में प्रतापगढ़ सीट पर भारतीय जनता पार्टी के संगम लाल गुप्ता को जीत मिली और वो सांसद चुने गए। उन्होंने बसपा प्रत्याशी अशोक त्रिपाठी को मात दी थी। जबकि कांग्रेस प्रत्याशी राजकुमारी रत्ना सिंह तीसरे स्थान पर रही थीं।
2014 लोकसभा चुनाव में प्रतापगढ़ का परिणाम (Pratapgarh Lok Sabha Elections Result)
इससे पहले 2014 में आम चुनाव में मोदी लहर के बीच प्रतापगढ़ संसदीय सीट भी बीजेपी की झोली में आ गई थी। बीजेपी और अपना दल ने यहां पर अपना दल के कुंवर हरिवंश सिंह को मैदान में उतारा। उन्होंने बसपा के प्रत्याशी निजामुद्दीन सिद्दीकी को बड़े अंतर से हरा दिया था। उस दौरान भी 3 बार की सांसद राजकुमारी रत्ना सिंह तीसरे स्थान पर रही थीं। प्रतापगढ़ सीट पर अब तक कांग्रेस 10 बार चुनाव जीत चुकी है।
उम्मीदवार | दल | मत |
कुंवर हरिवंश सिंह | अपना दल | 3,75,789 |
निजामुद्दीन सिद्दीकी | बसपा | 2,07,567 |
राजकुमारी रत्ना सिंह | कांग्रेस | 1,38,620 |
प्रमोद कुमार सिंह पटेल | सपा | 120107 |
प्रतापगढ़ संसदीय सीट के तहत विश्वनाथगंज, रामपुर खास, प्रतापगढ़, पट्टी और रानीगंज विधानसभा सीटें आती हैं, जिसमें 2022 के विधानसभा चुनाव में एक सीट कांग्रेस को मिली तो दो सीट सपा और दो सीट बीजेपी गठबंधन के हिस्से आई थी।
उत्तर प्रदेश में प्रतापगढ़ जिला भी राजनीतिक रूप में बेहद अहम माना जाता है। यह जिला प्रयागराज मंडल में पड़ता है और यह शहर अपने यहां आंवले की बंपर पैदावार के लिए दुनियाभर में जाना जाता है। प्रतापगढ़, जिले के रूप में 1858 में अस्तित्व में आया। प्रतापगढ़ लोकसभा सीट पर 1990 के बाद से किसी दल की खास पकड़ नहीं रही है। हर बार यहां पर हार-जीत बदल जाती है।