कर्नाटक विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को मिली स्पष्ट बहुमत के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पार्टी को बधाई दी है। उन्होंने शनिवार को नतीजे आने के बाद ट्वीट किया, “लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए मेरी शुभकामनाएं।” राज्य में कांग्रेस 131 सीटों पर जीत चुकी थी, जबकि 5 सीटों पर आगे चल रही है। दूसरी तरफ भाजपा को उम्मीद से काफी कम सीटें मिली हैं। भाजपा 61 सीटों पर सफलता पाई है, जबकि 4 सीटों पर आगे चल रही थी। उन्होंने अपने दल के कार्यकर्ताओं की मेहनत के लिए उनको धन्यवाद दिया और तारीफ की।
पीएम ने एक ट्वीट में कहा, ‘‘कर्नाटक विधानसभा चुनाव में जीत के लिए कांग्रेस पार्टी को बधाई। लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए उन्हें मेरी शुभकामनाएं।’’ कांग्रेस ने कर्नाटक में सत्ता में आने के पहले दिन ‘पांच गारंटी’ लागू करने का वादा किया है। इन वादों में सभी घरों (गृह ज्योति) को 200 यूनिट मुफ्त बिजली, हर परिवार की महिला मुखिया (गृह लक्ष्मी) को 2,000 रुपये मासिक सहायता, गरीबी रेखा से नीचे (बीपीएल) के परिवार (अन्न भाग्य) के प्रत्येक सदस्य को 10 किलोग्राम चावल मुफ्त, बेरोजगार स्नातक युवाओं के लिए हर महीने 3,000 रुपये और बेरोजगार डिप्लोमा धारकों (दोनों 18-25 आयु वर्ग में) को दो साल के लिए 1,500 रुपये (युवा निधि) और सार्वजनिक परिवहन बसों (शक्ति) में महिलाओं के लिए मुफ्त यात्रा शामिल हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘मैं उन सभी को धन्यवाद देता हूं जिन्होंने कर्नाटक चुनाव में हमारा समर्थन किया है। मैं भाजपा कार्यकर्ताओं की कड़ी मेहनत की सराहना करता हूं। हम आने वाले समय में और अधिक उत्साह के साथ कर्नाटक की सेवा करेंगे।’’ कर्नाटक में भाजपा के खिलाफ सत्ता विरोधी लहर पर सवार होकर कांग्रेस ने स्पष्ट बहुमत हासिल कर लिया।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को राज्य में नगर निकाय चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की जीत पर बधाई और शुभकामना देते हुए कहा कि उप्र में भाजपा कार्यकर्ताओं की मेहनत, सरकार और संगठन के बेहतर समन्वय तथा प्रधानमंत्री के यशस्वी नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने नगर निकाय के चुनावों में अब तक की सबसे बड़ी विजय प्राप्त की है।