कर्नाटक में मतदान खत्म होने के बाद आए अधिकतर एग्जिट पोल्स के अनुमानों में कांग्रेस को बहुमत मिलता दिखाया गया है, जबकि भाजपा को बहुमत से दूर बताया गया है। हालांकि भाजपा इसको मानने से इंकार कर रही है। उसका कहना है कि उन्हें जरूरी संख्या मिल जाएगी और पार्टी फिर से सत्ता में आएगी। केंद्रीय मंत्री शोभा करंदलाजे ने गुरुवार को राज्य में ‘ऑपरेशन लोटस’ की किसी संभावना से इंकार किया। उन्होंने उम्मीद जताई कि भाजपा 120 से 125 सीट आसानी से पा जाएगी। मंत्री ने दावा किया कि पार्टी ने कुछ सीटों पर “कल्पना से परे” बहुत अच्छा प्रदर्शन किया है।

राज्य चुनाव प्रबंधन समिति के संयोजक ने कहा कि कोई “अराजक स्थिति” (त्रिशंकु फैसला) नहीं होगी। करंदलाजे ने कहा, “हमारे बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं ने हमें जो शुरुआती रिपोर्ट दी है, उसमें हम 120 से 125 सीटें जीत रहे हैं।” उन्होंने कहा कि एग्जिट पोल चाहे जो हो, लेकिन बुधवार को मतदान के बाद उनकी पार्टी को जो “शुरुआती रिपोर्ट” मिली है, उसमें उन्हें पूर्ण बहुमत मिलते बताया गया है।

यह पूछे जाने पर कि जिस पार्टी ने दावा किया था कि वह 150 सीटें जीतेगी, उसने अपने अनुमान को घटाकर 120 क्यों कर दिया, उन्होंने कहा कि नवीनतम टैली बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं से शुरुआती रिपोर्ट पर आधारित है।

क्या है ‘ऑपरेशन लोटस’

कई साल पहले जब भाजपा के पास स्पष्ट बहुमत नहीं था। तब कहा जा रहा था कि भाजपा सरकार बनाने के लिए कथित तौर पर विपक्षी दलों के विधायकों को तोड़ने की कोशिश कर रही है। उस समय कांग्रेस और जनता दल (एस) ने इस गतिविधि को ‘ऑपरेशन लोटस’ नाम दिया था। चुनावों के दौरान अब जब भी ऐसी स्थिति बनती है तब विपक्ष इस नाम से भाजपा पर तंज कसती है।

कर्नाटक में विधानसभा चुनाव में मतदान बाद आए अधिकतर सर्वेक्षणों में सत्तारूढ़ भाजपा पर कांग्रेस को बढ़त दिखाई गई है और राज्य में त्रिशंकु विधानसभा की संभावना जताई गई है। राज्य की 224 सदस्यीय विधानसभा के लिए मतों की गिनती 13 मई को होगी। राजनीतिक नेताओं को कई सप्ताह के प्रचार और बुधवार को हुए मतदान के बाद आखिरकार गुरुवार को कुछ आराम करने का मौका मिला।