Lok Sabha Election 2024, Mumbai North Central Lok Sabha Seat: लोकसभा चुनाव से पहले महाराष्ट्र की राजनीति चर्चा का विषय बनी हुई है। इस बीच मुंबई नॉर्थ सेंट्रल लोकसभा सीट पर लोगों की नजर बनी हुई है। मुंबई नॉर्थ सेंट्रल लोकसभा सीट से सांसद बीजेपी की पूनम महाजन हैं। 2014 से पहले यह लोकसभा सीट कांग्रेस के पास थी। कांग्रेस के टिकट पर अभिनेत्री प्रिया दत्त यहां से सांसद थीं। लेकिन 2014 में मोदी लहर में पूनम महाजन ने बीजेपी के टिकट पर यहां से बड़ी जीत हासिल की।

पूनम महाजन ने 2014 में प्रिया दत्त को हराया था चुनाव

पूनम महाजन ने 2014 में एक लाख 87 हजार से अधिक वोटों से प्रिया दत्त को चुनाव हराया। इसके बाद 2019 का लोकसभा चुनाव हुआ और इस चुनाव में भी पूनम महाजन ने प्रिया दत्त को 1,30,000 से अधिक वोटों से हराया।

एनसीपी और शिवसेना में टूट के बाद 2024 का लोकसभा चुनाव बीजेपी और एकनाथ शिंदे के लिए लिटमस टेस्ट होगा। 2019 में बीजेपी और शिवसेना ने मिलकर चुनाव लड़ा था जबकि एनसीपी और कांग्रेस का गठबंधन है। वहीं 2024 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी का एनसीपी (अजित गुट) और शिवसेना (शिंदे गुट) के साथ गठबंधन है।

मुंबई नॉर्थ सेंट्रल लोकसभा सीट के अंतर्गत आते हैं 6 विधानसभा क्षेत्र

मुंबई नॉर्थ सेंट्रल लोक सभा सीट के अंतर्गत 6 विधानसभा क्षेत्र आते हैं। इनमें विले पारले, चांदीवली, कुर्ला, कलिना, बांद्रा ईस्ट और बांद्रा वेस्ट शामिल है। इन विधानसभा सीटों में 2019 के विधानसभा चुनाव में पांच पर बीजेपी-शिवसेना गठबंधन की जीत हुई थी। तीन पर शिवसेना और दो पर बीजेपी जीती थी। वहीं बांद्रा ईस्ट से कांग्रेस के जीशान सिद्दीकी ने जीत हासिल की थी। हालांकि अब जीशान सिद्दीकी के पिता बाबा सिद्दीकी कांग्रेस से एनसीपी (अजित पवार गुट) में शामिल हो गए हैं। इसका भी फायदा एनडीए गठबंधन को आने वाले लोकसभा चुनाव में मिल सकता है।

जानिए क्या है जातीय समीकरण

मुंबई नॉर्थ सेंट्रल लोक सभा सीट पर मुस्लिम और मराठी वोटरों का दबदबा है। इस सीट पर 4 लाख से अधिक मुस्लिम वोटर हैं तो इतने ही मराठी वोटर भी हैं। वहीं क्रिश्चियन 41 हजार, बनिया 35 हजार, यादव 35 हजार, गुजराती वोटर 25 हजार, ब्राह्मण 50 हजार और ठाकुर 50 हजार हैं।