लोकसभा चुनाव से पहले बॉलीवुड कलाकार ईशा कोप्पिकर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) में शामिल हो गई हैं। रविवार (27 जनवरी, 2019) को मुंबई में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने गुलदस्ता देकर पार्टी में उनका स्वागत किया। पार्टी में उन्हें बीजेपी महिला परिवहन इकाई में बतौर कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। ईशा, हिंदी सिनेमा इंडस्ट्री में खल्लास गर्ल के रूप में जानी जाती हैं। 2002 में निर्देशक राम गोपाल वर्मा की फिल्म कंपनी में उन्होंने आइटम सॉन्ग खल्लास…में शानदार डांस किया था। वहीं से वह खल्लास गर्ल के नाम से मशहूर हो गईं, जबकि कांटे फिल्म में इश्क समुंदर गीत में उन्होंने अच्छा नृत्य किया था।
2004 में आई गर्लफ्रेंड फिल्म से उन्होंने खासा सुर्खियां बंटोरी थीं। उन्होंने उस फिल्म में अभिनेत्री अमृता अरोड़ा के साथ समलैंगिक का किरदार निभाया था। ईशा ने तमिल फिल्म चंद्रलेखा से 1998 में फिल्मी करियर की शुरुआत की थी। फिर 2000 में उन्होंने बॉलीवुड का रुख किया और फिजा फिल्म में अभिनय की छाप छोड़ी। वह इसके अलावा डॉन, सलाम-ए-इश्क और क्या कूल हैं हम सरीखी नामी फिल्मों में काम कर चुकी हैं।
मुंबई के महिम इलाके में जन्मीं ईशा कोंकणी परिवार से ताल्लुक रखती हैं। वह मुंबई के रामनरायण रुइया कॉलेज से लाइफ सांइसेज में ग्रैजुएट हैं। कॉलेज के दिनों में माने हुए फोटोग्राफर गौतम राध्याक्ष ने उनकी तस्वीरें क्लिक की थीं, जिसके बाद वह कई विज्ञापनों में नजर आने लगीं।

उन्होंने 1995 में मिस इंडिया प्रतियोगिता में हिस्सा लिया था, तब उन्हें मिस टैलेंट क्राउन के खिताब से नवाजा गया था। आगे साल 1998 में उन्हें बेस्ट फीमेल डेब्यू (तमिल) का फिल्मफेयर अवॉर्ड भी मिला। यही नहीं, उन्होंने कोरियाई मार्शल आर्ट्स हैपकिडो भी सीखा था। दिवंगत एक्टर इंदर कुमार के साथ रिलेशन के बाद उन्होंने नवंबर 2009 में होटल कारोबारी टिम्मी नारंग से शादी की।
इससे पहले, दो जनवरी को बंगाली अभिनेत्री मौसमी चटर्जी ने भी बीजेपी का दामन थाम लिया था। उन्हें मुकुल रॉय और कैलाश विजयवर्गीय की उपस्थिति में पार्टी में शामिल कराया गया था। रिपोर्ट्स की मानें तो आने वाले दिनों में वह चुनाव लड़ सकती हैं।

