मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए मतदान 17 नवंबर को होना है। एक तरफ पीएम मोदी लगातार प्रदेश के दौर पर हैं और जनसभाएं कर रहे हैं वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी कई रैलियों में हिस्सा लिया है। पीएम मोदी ने दावा किया है कि भाजपा मध्य प्रदेश में रिकॉर्ड जीत दर्ज कर रही है वहीं राहुल गांधी ने कहा है कि कांग्रेस को यहां 145 से 150 सीटें मिल रही हैं। यहां दोनों नेताओं के दावों को सुनकर यह जानना दिलचस्प होगा कि पिछले तीन चुनाव में मध्य प्रदेश के चुनावी नतीजे और आंकड़े क्या रहे हैं। इससे पहले हम यह जान लेते हैं कि पीएम मोदी और राहुल गांधी ने क्या कहा है?

क्या बोले पीएम मोदी और राहुल गांधी?

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मध्य प्रदेश के शाजापुर में एक चुनावी रैली में कहा,”मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव इस बार सारे रिकॉर्ड तोड़ देगा। पिछले कुछ दिनों में मैं पूरे राज्य में लोगों से मिला हूं और बीजेपी को जिस तरह का समर्थन मिल रहा है वह अद्भुत है।”

मध्य प्रदेश के विदिशा में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा, ”मैं अब तक कई बार मध्य प्रदेश का दौरा कर चुका हूं, मैं शत-प्रतिशत बता सकता हूं कि यहां कांग्रेस पार्टी का ‘तूफान’ होगा। आप लिख लीजिए, मध्य प्रदेश की जनता कांग्रेस पार्टी को 145-150 सीटें देने जा रही है।”

क्या रहे हैं पिछले चुनावों के आंकड़े?

मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव में 2003 से 2018 के बीच भाजपा ने सबसे बड़ा वोट शेयर हासिल किया है। यहां तक की 2018 में जब कांग्रेस के पास राज्य में सबसे ज्यादा सीटें थी भाजपा का वोटिंग प्रातिशत कांग्रेस से ज्यादा था। बीजेपी ने 2003 से मध्य प्रदेश राज्य विधानसभा में स्पष्ट रूप से अपना दबदबा कायम रखा है। बीजेपी की सीटें 2018 कांग्रेस से सिर्फ पांच कम थीं। 2018 का चुनाव कांग्रेस के लिए बेहद महत्वपूर्ण इसलिए भी था कि कांग्रेस 15 साल बाद सत्ता में लौटी थी।

मध्यप्रदेश चुनाव : 2003

मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव-2003 में भाजपा ने कांग्रेस को बड़े अंतराल से हराया था। इस चुनाव में भाजपा को 230 में से 173 सीटें मिली थी जबकि कांग्रेस को सिर्फ 38 सीटें मिल पाई थीं।

मध्यप्रदेश चुनाव : 2008

मध्यप्रदेश की 230 सीटों के लिए चुनाव 27 नवंबर 2008 को हुए और गिनती 8 दिसंबर को शुरू हुई। भारतीय जनता पार्टी ने अधिकांश सीटें जीतीं और शिवराज सिंह चौहान ने दूसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। इस चुनाव में बीजेपी को 143 सीटें मिलीं तो वहीं कांग्रेस को 71 सीटें हासिल हुईं।

मध्यप्रदेश चुनाव : 2013

मध्यप्रदेश विधानसभा के लिए 25 नवंबर 2013 को चुनाव हुए। जिसका परिणाम 8 दिसंबर को घोषित किया गया। भाजपा को 165 सीटें मिलीं वहीं कांग्रेस को 58 सीटें हासिल हुईं।

मध्यप्रदेश चुनाव : 2018

मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव 28 नवंबर 2018 को हुआ। यह 2003 के बाद एक ऐसा चुनाव था जब कांग्रेस ने भाजपा को पीछे छोड़ने में लंबे वक्त बाद कामयाबी हासिल की और सरकार बनाई। कांग्रेस को इस चुनाव में 114 सीटें मिलीं वहीं बीजेपी को 109 सीटों के साथ सत्ता छोड़नी पड़ी।