मध्य प्रदेश में इसी साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। विधानसभा चुनाव से पहले ही बीजेपी आक्रामक चुनाव प्रचार में जुट गई है। अभी तक चुनाव की तारीखों का ऐलान नहीं हुआ है, लेकिन भाजपा नेता राज्य के अलग-अलग हिस्सों में चुनाव प्रचार कर रहे हैं। मध्य प्रदेश में बीजेपी की जन आशीर्वाद यात्रा भी चल रही है और यह प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में जाएगी।

पीएम मोदी की तीन बड़ी जनसभाएं होंगी

बीजेपी की जन आशीर्वाद यात्रा के दौरान कई बड़े नेता भी जनता से रूबरू हो रहे हैं। बीजेपी ने मध्य प्रदेश चुनाव को लेकर नई रणनीति पर काम करना शुरू कर दिया है। चुनाव की तारीखों की घोषणा से पहले ही पार्टी के बड़े नेता राज्य में उतर गए हैं। अगले 15 दिनों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भी तीन बड़े कार्यक्रम मध्य प्रदेश में होने वाले हैं। इसके अलावा कई केंद्रीय मंत्री और कई राज्यों के मुख्यमंत्री भी मध्य प्रदेश में चुनाव प्रचार में जुटे हुए हैं।

हिमंता और फडणवीस भी एमपी में

असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा 16,17 और 18 सितंबर को मध्य प्रदेश दौरे पर रहेंगे। 16 सितंबर को असम के मुख्यमंत्री कटनी में तो वहीं 17 को नरसिंहपुर और 18 को हरदा में जनता को संबोधित करेंगे। इसके अलावा उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी 21 सितंबर को छतरपुर आएंगे और बीजेपी की जन आशीर्वाद यात्रा में शामिल होंगे। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस भी 17 सितंबर को मध्य प्रदेश दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह छतरपुर के पन्ना में बीजेपी की जन आशीर्वाद यात्रा में हिस्सा लेंगे।

मध्य प्रदेश में चल रही भाजपा की जन आशीर्वाद यात्रा काफी चर्चा में है। यह यात्रा पहले भी निकलती थी लेकिन इसमें इसका मुख्य चेहरा शिवराज सिंह चौहान होते थे, लेकिन इस बार जन आशीर्वाद यात्रा में कई बड़े नेता शामिल हो रहे हैं। पार्टी को उम्मीद है कि अनेक चेहरों को उतारने से उसे चुनाव में फायदा मिलेगा।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार को मध्य प्रदेश के दौरे पर थे। इस दौरान उन्होंने मध्य प्रदेश के सागर जिले में 50 हजार करोड़ से अधिक की परियोजनाओं का शिलान्यास किया। पीएम ने जनसभा को संबोधित करते हुए विपक्ष पर जमकर हमला बोला। उन्होंने सनातन धर्म विवाद पर टिप्पणी करते हुए कहा कि यह लोग सनातन धर्म पर हमला कर रहे हैं और अब आपको जवाब देना है।