अगले महीने मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए वोट डाले जाएंगे। वोटिंग से पहले मतदाताओं को रिझाने के लिए कांग्रेस पार्टी ने मंगलवार को अपना घोषणापत्र जारी किया। कांग्रेस ने अपने घोषणापत्र को ‘वचनपत्र’ का नाम दिया है। मध्य प्रदेश कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ ने चुनाव के लिए कांग्रेस पार्टी का वचनपत्र जारी किया। इस दौरान उन्होंने जनता के लिए कई बड़े वादे किए। कांग्रेस ने अपने वचनपत्र में जनता से 11 बड़े वादे किए हैं।
किसानों का कर्ज माफ़ और पुरानी पेंशन होगी बहाल
कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र में कहा है कि सरकार बनने पर किसानों का कर्ज माफ किया जाएगा। साथ ही पुरानी पेंशन भी बहाल की जाएगी। वहीं कांग्रेस ने सरकार बनने पर 5 हॉर्स पावर की सिंचाई बिल मुफ्त करने का ऐलान किया है। इसके अलावा 100 यूनिट तक बिजली बिल माफ होगा, वहीं 200 यूनिट तक बिजली बिल का रेट आधा हो जाएगा।
महिलाओं को मिलेंगे 1500 रुपये
कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र में महिलाओं को हर महीने ₹1500 देने का वादा किया है। तो वहीं पिछड़ों के लिए 27 फीसदी आरक्षण देने का वादा किया है। कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र में यह भी कहा है कि सरकार बनने पर जाति जनगणना कराई जाएगी और उसे सार्वजनिक किया जाएगा। तो वहीं एससी एसटी वर्ग के खाली पदों को भी भरा जाएगा।
₹500 में गैस सिलेंडर दिया जाएगा
कांग्रेस ने घोषणा किया है कि पीएम आवास योजना के तहत शहरी इलाकों में घर बनाने के लिए जितनी धनराशि प्रदान की जाती है, उतनी ही राशि गांव में भी प्रदान की जाएगी। साथ ही ₹500 में गैस सिलेंडर भी दिया जाएगा।
स्कूल जाने वाले छात्रों को स्कालरशिप दी जाएगी
कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र में ऐलान किया है कि पढ़ो और पढ़ाओ योजना के तहत कक्षा 1 से 8 तक के बच्चों को हर महीने ₹500 छात्रवृत्ति दी जाएगी। तो वहीं कक्षा 9 से 10 तक के बच्चों को ₹1000 और 11-12 के बच्चों को ₹1500 छात्रवृत्ति दी जाएगी। वहीं कांग्रेस ने यह भी ऐलान किया है कि सरकार में आने पर वह 50% अधिक आदिवासी आबादी वाले इलाकों में छठवीं अनुसूची को लागू करेगी।
