नगर निगम चुनाव के प्रचार के लिए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी की विजय विकास यात्रा मंगलवार को पश्चिमी दिल्ली पहुंची। सासंद प्रवेश वर्मा और जिला अध्यक्ष रमेश खन्ना के साथ तिवारी ने राजौरी गार्डन, मादीपुर, हरि नगर, तिलक नगर और जनकपुरी के 18 निगम वार्डों में जनसंपर्क किया और मिलाप नगर में एक जनसभा को संबोधित किया। मंगलवार की यात्रा में दक्षिणी दिल्ली निगम नेता सुभाष आर्य, श्याम शर्मा, आशीष सूद, मनजिंदर सिंह सिरसा, हरशरण सिंह बल्ली, ओपी बब्बर आदि शामिल हुए। तिवारी ने मंगलवार को मादीपुर, पंजाबी बाग, राजौरी गार्डन, रघुवीर नगर, टैगोर गार्डन, विष्णु गार्डन, ख्याला, सुभाष नगर, हरि नगर, प्रताप नगर, केशोपुर, तिलक नगर, महावीर नगर, जनकपुरी पश्चिम, जनकपुरी दक्षिण, सीतापुरी एवं मिलाप नगर में प्रचार किया। सीतापुरी, महावीर एंक्लेव जैसे पूर्वांचली बहुल्य क्षेत्रों में लोगों ने तिवारी का स्वागत किया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने सीतापुरी में एक सभा को संबोधित करते हुए कहा कि पहले कांग्रेस और फिर आम आदमी पार्टी ने अनधिकृत कॉलोनियों को नियमित करने के कार्य में बाधा पहुंचाई है।
केजरीवाल सरकार ने केंद्र और न्यायालय दोनों के निर्देशों की अवहेलना करके नगर निगमों को नियमितिकरण योजना बनाने के लिए आवश्यक राशि उपलब्ध नहीं कराई है। इस सब का परिणाम है कि अनधिकृत कॉलोनियों में विकास कार्यों पर निगम चाह कर भी काम नहीं कर पा रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा निगम प्रशासन में फिर से आते ही केजरीवाल सरकार को अनधिकृत कॉलोनियों के नियमितिकरण के आवश्यक संसाधन देने के लिए बाध्य करेगी और अगर सरकार ने ऐसा नहीं किया तो हम इस मामले को लेकर न्यायालय में जाएंगे। प्रवेश वर्मा ने कहा कि दक्षिणी दिल्ली नगर निगम ने पश्चिमी दिल्ली संसदीय क्षेत्र के लोगों को अच्छी नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराई हैं। यहां के समुदाय भवन हों या ओपन जिम पार्क सभी दिल्ली के किसी भी अन्य क्षेत्र से बेहतर हैं।