Maharashtra Haryana Vidhan Sabha Election/Chunav Results 2019: महाराष्ट्र की 288 सदस्यीय नवनिर्वाचित विधानसभा में इस बार 23 महिलाएं होंगी, जिनमें 11 मौजूदा महिला विधायक शामिल हैं। महाराष्ट्र में 2014 के मुकाबले इस बार महिला विधायकों की संख्या बढ़ी है। तब विधानसभा चुनाव में 16 महिलाएं निर्वाचित हुई थीं। वहीं हरियाणा में यह संख्या घटते दिखी है। हरियाणा में पिछले विधानसभा चुनाव में विजयी हुई 13 महिलाओं के मुकाबले इस बार आठ महिला उम्मीदवारों ने जीत हासिल की। बता दें कि महाराष्ट्र विधानसभा में इस बार 3,237 उम्मीदवार मैदान में उतरे, जिनमें 235 महिलाएं थीं।

महाराष्ट्र में महिला विधायकों की संख्या बढ़ीः महाराष्ट्र में जिन मौजूदा विधायकों ने इस बार भी जीत दर्ज की उनमें मंदा म्हात्रे (बेलापुर) मनीषा चौधरी (दहिसर), विद्या ठाकुर (गोरेगांव), देवयानी फरांदे (नासिक मध्य), सीमा हिरे (नासिक पश्चिम), माधुरी मिसाल (पार्वती), मोनिका रजाले (शिवगांव) और भारती लवहेकर (वर्सोवा) शामिल हैं। सभी आठ उम्मीदवार भाजपा के टिकट पर चुनाव जीती हैं। कांग्रेस ­विधायक प्रणति शिंदे (मध्य सोलापुर शहर), यशोमति ठाकुर (तेवसा) और वर्षा गायकवाड़ (धारावी-मुंबई) इस बार भी जीत हासिल करने में कामयाब रहीं। एनसीपी विधायक सुमन पाटिल भी अपनी सीट बचाने में सफल रहीं।

Hindi News Today, 25 October 2019 LIVE Updates: दिन भर की खबरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

महिला नेता पंकजा मुंडे नहीं बचा सकी अपनी सीटः इस विधानसभा चुनाव में विजयी हुए नए विधायकों में राकांपा की सरोज अहीर (देवालाली), शिवसेना की यामिनी जाधव (भायखला), श्वेता महाले (चिकली), मेघना बोरडिकर (जिंतूर), नमिता मुंदादा (काइज), मुक्ता तिलक (कस्बा पेट) और कांग्रेस की प्रतिभा धानोकर (वरोरा) और सुलभा खोडके (अमरावती) शामिल हैं। दो निर्दलीय उम्मीदवारों गीता जैन (मीरा भायंदर) और मंजुला गावित (सकरी) को भी जीत मिली। हालांकि राज्य की मंत्री और भाजपा की कद्दावर महिला नेता पंकजा मुंडे को पारली सीट से हार का सामना करना पड़ा।

हरियाणा में जीती 8 महिला उम्मीदवारः हरियाणा के बाढ़डा सीट से जननायक जनता पार्टी (जजपा) की उम्मीदवार नैना चौटाला ने कांग्रेस उम्मीदवार रणबीर सिंह महेन्द्र को 13,000 वोटों के अंतर से हराया। बता दे कि जजपा नेता दुष्यंत चौटाला की मां नैना डबवाली से विधायक रह चुकी हैं। हरियाणा में इस बार आठ महिला उम्मीदवारों ने जीत हासिल की। बड़खल सीट से भाजपा की सीमा त्रिखा ने कांग्रेस प्रत्याशी विजय प्रताप सिंह को 2,500 मतों के अंतर से हराकर जीत हासिल की।

कहीं बीजेपी तो कहीं कांग्रेस को मिली जीतः बीजेपी की निर्मल रानी ने कांग्रेस के कद्दावर नेता और हरियाणा विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष कुलदीप शर्मा को गनौर सीट से 10,000 से अधिक मतों से हराया। वहीं कांग्रेस उम्मीदवार और पूर्व मंत्री गीता भुक्कल ने झज्जर (सुरक्षित) सीट पर भाजपा के राकेश कुमार को 14,999 वोटों से हराया। कांग्रेस उम्मीदवार शकुंतला खटक ने कलानौर (सुरक्षित) सीट से भाजपा के राम अवतार को 10,000 से अधिक मतों से हराया। वहीं भाजपा के कमलेश ढांडा ने कलायत सीट से कांग्रेस के उम्मीदवार जय प्रकाश को 8,000 मतों से हराया।

2014 विधानसभा चुनाव में जीती थी 13 महिला उम्मीदवारः कांग्रेस प्रत्याशी शैली ने नारायणगढ़ सीट से भाजपा के सुरेंद्र सिंह को 20,000 से अधिक मतों के अंतर से हराया और कांग्रेस प्रत्याशी रेनू बाला ने भाजपा के बलवंत सिंह को साढौरा सीट से 17,020 सीटों से हराया। गौरतलब है कि 2014 के विधानसभा चुनाव में हरियाणा में 13 महिला उम्मीदवारों को जीत मिली थी। लेकिन इस बार यह संख्या घटी है।