मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में भाजपा के चुनावी अभियान को करीब से देखने और अनुभव हासिल करने के के उद्देश्य से विदेशी डिप्लोमेट्स का एक तीन सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल 14-15 नवंबर को इंदौर का दौरा करेगा। ऑस्ट्रेलियाई उच्चायोग में सचिव माइकल रीस, तंजानिया के उच्चायोग में मंत्री बज़िल एम लियाकिनाना और जापानी दूतावास में सचिव मायूमी त्सुबाकिमोतो प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा होंगे। मध्य प्रदेश मे 17 नवंबर को होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले प्रचार जोरों पर है।

हिमाचल और गुजरात का भी किया था दौरा

भाजपा की ओर से बताया गया है कि नेपाल, ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, डेनमार्क और सिंगापुर के कई डिप्लोमेट्स ने पार्टी के चुनाव अभियान का निरीक्षण करने के लिए नवंबर और दिसंबर 2022 में हिमाचल और गुजरात विधानसभा चुनावों के दौरान दौरा किया था। इस दौरान विदेशी डिप्लोमेट्स ने भाजपा के चुनाव लड़ने का तौर-तरीके और विचारधारा को समझने का प्रयास किया था। नेपाल, ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, डेनमार्क और सिंगापुर के कई डिप्लोमेट्स गुजरात और हिमाचल पहुंचे थे।

भाजपा की पहल

भाजपा को जानें कार्यक्रम पार्टी के 43वें स्थापना दिवस पर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी.नड्डा द्वारा शुरू किया गया था। जिसके तहत लोगों को भाजपा के बारे में विस्तार से बताया और समझाया जाता है। विदेशी डिप्लोमेट्स पहले भी भाजपा की इस पहल का हिस्सा बनते रहे हैं। जहां वह भाजपा के प्रचार के तौर तरीके को समझने का प्रयास करते रहे हैं। मध्य प्रदेश में 17 नवंबर को विधानसभा चुनाव होना है। इससे पहले सभी सियासी दल तैयारियों में जुटे हैं।

इस बारे में जानकारी देते हुए भाजपा ने सोमवार को कहा कि विदेशी राजनयिकों का तीन सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल 14-15 नवंबर को इंदौर का दौरा करेगा और सत्ताधारी पार्टी के चुनाव प्रचार अभियान का प्रत्यक्ष अनुभव हासिल करेगा। ऑस्ट्रेलियाई उच्चायोग में द्वितीय सचिव माइकल रीस, तंजानिया उच्चायोग में मंत्री (कॉन्सुलर अफेयर्स) बाजिल एम ल्याकिनाना और जापानी दूतावास में द्वितीय सचिव मायुमी त्सुबाकिमोतो प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा होंगे।