Madhya Pradesh Assembly Election 2023: मध्य प्रदेश की 230 विधानसभा सीटों पर 17 नवंबर यानी कल चुनाव होने वाला है। यहां चुनाव के लिए 230 विधानसभा सीटों और मतदान केंद्रों को चार अलग-अलग ग्रुपों में बांटा गया है। यहां ग्रुप ए, बी, सी और डी के लिए अलग-अलग समय तय किया गया है। इसके अनुसार, ग्रुप ए वाले सीटों पर सुबह 8 बजे से लेकर शाम 4 बजे तक वोटिंग होगी। वहीं ग्रुप बी पर सुबह 7 बजे से लेकर शाम 6 बजे तक मतदान होगा। इसी तरह ग्रुप सी के लिए सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक वोटिंग होगी। इसके अलावा ग्रुप डी के लिए सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक वोटिंग की जाएगी।

कुल मिलाकर 230 सीटों के लिए वोटिंग एक ही दिन होगी। हालांकि इसके समय में कुछ परिवर्तन है। बता दें कि मध्य प्रदेश चुनाव का रिजल्ट 3 दिसंबर को जारी किया जाएगा। इस राज्य में बीजेपी और कांग्रेस के बीच कड़ी टक्कर मानी जा रही है।

बता दें कि चुनाव आयोग ने भोपाल में वोटिंग के लिए अलग से प्लान बनाया था। दरअसल, भोपाल में 7 विधानसभा सीटे हैं। इसलिए यहां दो हजार 34 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इनमें से 1,100 पोलिंग बूथों को अति संवेदनशील श्रेणी में रखा गया है। इन बूथों की निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे।

रिपोर्ट के अनुसार, भोपाल विधानसभा में बैरसिया, भोपाल उत्तर, नरेला, भोपाल मध्य, गोविंदपुरा, हुजूर और भोपाल दक्षिण-पश्चिम विधान सभा सीटें शामिल हैं।

बीजेपी-कांग्रेस के बीच है कड़ी टक्कर

बता दें कि राज्य में फिलहाल बीजेपी की सरकार है। वहीं सीएम को पद पर शिवराज सिंह चौहान का कब्जा है। बता दें कि इस राज्य में प्रमुख मुकाबला बीजेपी और कांग्रेस के बीच है। राज्य में बीजेपी और कांग्रेस ने कैंडिडेट्स की लिस्ट जारी कर दी है। इसके अलावा आम आदमी पार्टी, समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी ने भी उम्मीदवारों की लिस्ट जारी कर दी है। इसके अलावा कुछ इलाकों में सपा-बसपा ने भी जोर आजमाया है। माना जा रहा है कि कुछ सीटों पर त्रिकोणीय मुकाबला हो सकता है।