प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार (18 नवंबर) को कांग्रेस पर जोरदार हमला बोलते हुए कहा कि धोखा देना विपक्षी पार्टी के खून में है। प्रधानमंत्री ने गाय को लेकर कांग्रेस पर दोहरी नीति अपनाने का आरोप लगाते हुए छिंदवाड़ा की एक जनसभा में कहा कि एक ओर तो कांग्रेस मध्य प्रदेश में अपने चुनाव घोषणा पत्र में गाय का गौरव गान करती है, वहीं दूसरी ओर केरल में उसके लोग कहते हैं कि गोमांस खाना उनका अधिकार है। प्रधानमंत्री ने सवाल किया कि क्या मध्य प्रदेश और केरल की कांग्रेस अलग-अलग क्यों है? उन्होंने कहा, ‘‘मध्य प्रदेश के घोषणा पत्र में आप गाय का गौरवगान कर रहे हैं लेकिन केरल में रास्ते पर खुलेआम आपके लोग गाय के बछड़े काटते हुए और उसका मांस खाते हुए तस्वीरे खिंचवा कर बताते हैं कि गोमांस खाना हमारा अधिकार है।’’

उन्होंने कहा कि कांग्रेस लगातार लोगों को गुमराह कर रही है। धोखा देना कांग्रेस के खून में है। मोदी ने कहा, ‘‘इस चुनाव में आप (कांग्रेस) मध्य प्रदेश के मतदाताओं को उलझन में डालने के लिये गाय (का मुद्दा) ले आये लेकिन क्या मध्य प्रदेश की कांग्रेस और केरल की कांग्रेस अलग-अलग है। केरल कांग्रेस का मुखिया भी नामदार (कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी) है और मध्यप्रदेश कांग्रेस का मुखिया भी नामदार है, जो दिल्ली में बैठे हैं। वह तो एक ही हैं।’’

प्रधानमंत्री ने कहा कि आपने देखा होगा कि जब नामदार (कांग्रेस अध्यक्ष) छिंदवाड़ा के लोगों से मिलते हैं तो उन्हें कहते हैं कि मुख्यमंत्री बस आपका ही होगा। जब वह ग्वालियर जाते हैं तो वहां के लोगों को कहते हैं कि मुख्यमंत्री आपका ही होगा। उन्होंने कहा कि जिनका ऐसा दोहरा चरित्र हो और जिनकी कार्यशैली झूठ और फरेब से चलती हो, ऐसे लोगों को आप मध्य प्रदेश दे सकते हैं क्या? बता दें कि मध्य प्रदेश में 28 नवंबर को विधानसभा चुनाव होने हैं। वोटों की गिनती 11 दिसंबर को होगी।