Loksabha Election 2019: कांग्रेस की महासचिव और पूर्वी उत्तर प्रदेश की प्रभारी प्रियंका गांधी लोकसभा चुनाव में धुंआधार प्रचार कर रही हैं। इसी क्रम में अमेठी के दौरे पर उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के लिए प्रचार किया। प्रचार के दौरान जब उन्होंने सड़क पर खड़े कार्यकर्ताओं को चाय पीते हुए देखा तो उन्हें फटकार लगा दी।
इसका एक वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में देखा जा सकता है कि प्रियंका कैसे सड़क पर खड़े कार्यकर्ताओं के पास जाती हैं और उन्हें फटकार लगाती हैं। इस दौरान कहती हैं ‘आप लोग इस सड़क पर खड़े हो और सड़क पर गाड़ी खड़ी हुई है। गांव में नहीं जा रहे प्रचार करने के लिए। चाय पी रहे हो यहां…अंदर गांव में जाओ प्रचार करो। इतना कहते ही कांग्रेस महासचिव वहां से चली जाती हैं।
इसके बाद प्रियंका ने अमेठी में एक जनसभा को भी संबोधित किया। उन्होंने इस दौरान भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा और किसानों से जुड़े समस्याओं का जिक्र भी किया। बता दें कि प्रियंका यूपीए चेयरपर्सन सोनिया गांधी के संसदीय क्षेत्र रायबरेली और भाई राहुल गांधी के संसदीय क्षेत्र में लगातार चुनावी प्रचार कर रही हैं। पांचवें चरण से पहले पार्टी के पक्ष में वोटरों को रिझाने के लिए प्रियंका अलग-अलग संसदीय क्षेक्ष में घुमकर जनता से वोट की अपील कर रही हैं।
उल्लेखनीय है कि कांग्रेस उत्तर प्रदेश में सपा-बसपा गठबंधन का हिस्सा नहीं है। पार्टी यहां अकेले ही चुनाव लड़ रही है। प्रियंका गांधी ने इससे पहले कहा था कि वह पूर्वी उत्तर प्रदेश की सेवा करना चाहती थीं और यहां पार्टी मजबूत स्थिति में नहीं है।

