Lok Sabha Election 2019: आम चुनाव के लिए तारीखों की घोषणा हो चुकी है। एनडीए जहां फिर से सत्ता में वापसी के लिए जी-जान से जुटी है। वहीं, विपक्ष हर हाल में नरेंद्र मोदी को दोबारा प्रधानमंत्री बनने से रोकने की कोशिश में जुटा है। इस बीच भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने बीजेपी की जीत का गणित बताया। उन्होंने कहा कि हमारे पास 11 करोड़ कार्यकर्ता और 22 करोड़ परिवारों का आशीर्वाद है। जीते के लिए केवल 17 करोड़ वोट चाहिए। बता दें कि चुनाव आयोग ने बताया है कि इस बार देश की 543 लोकसभा सीटों पर कुल 90 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें से डेढ़ करोड़ वोटर 18 से 19 वर्ष की उम्र के हैं।
चुनाव की घोषणा होने के बाद टाइम्स ऑफ इंडिया से बात करते हुए अमित शाह ने कहा, “भाजपा के लिए चुनाव लोकतंत्र का एक महापर्व है। यह हमारे लिए एक अवसर है जिसमें हम अपनी विचारधारा और सरकार द्वारा किए गए कार्यों को जनता के बीच बता सकते हैं। मैं देश की जनता को एक बात कहना चाहता हूं कि चुनाव मुद्दे और एजेंडे पर लड़े जाएंगे। जनता को इन मुद्दे को ध्यान से सुनना चाहिए। नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा और एनडीए गठबंधन बहुमत के साथ दुबारा सत्ता में वापस लौटेगी। यह एक बहुमत वाल सरकार होगी जिसके पास देश के लिए मजबूत निर्णय लेने की क्षमता होगी।”
शाह ने कहा, “विपक्ष ने कभी इस बात का जवाब नहीं दिया कि वर्ष 2014 के पहले देश के कितने लोगों के पास बैंक में खाते थे। अब 30 करोड़ बैंक खाते हैं। पहले कितने लोगों के पास खाना बनाने के लिए गैस की सुविधा थी? अभी 6 करोड़ गरीब और 7 करोड़ अन्य लोगों के पास गैस कनेक्शन है। पहले 10 करोड़ घरो में शौचालय की सुविधा नहीं थी। हमारी सरकार में 8 करोड़ लोगों के घरों शौचालय का निर्माण किया गया है। पहले 2.3 करोड़ लोग अंधेरे में जी रहे थे। हमारी सरकार में उनके घर तक बिजली पहुंचायी गई है। अब लोगों के पास 5 लाख रुपये का हेल्थ इंश्योरेंस कवर है। मात्र चार महीनों में करीब 15 लाख लोगों को इसका फायदा मिला है। हमने 50 करोड़ लोगों की जिंदगी में बदलाव लाया है।”
भाजपा अध्यक्ष ने कहा, “वर्ष 2014 में छह राज्यों में हमारी सरकार थी। अभी 16 राज्यों में है। हमारा जमीनी विस्तार 12 प्रतिशत से 50 प्रतिशत हुआ है। हमारे पास पहले 2.4 करोड़ कार्यकर्ता थे और आज इनकी संख्या 11 करोड़ है। हमारे कार्यक्रमों से 22 करोड़ परिवारों के जीवन में बदलाव आया है। हमारे पास उन 22 करोड़ परिवारों का आशीर्वाद है। सरकार बनाने के लिए हमें सिर्फ 17 करोड़ वोट चाहिए, जबकि हमारे पास 11 करोड़ कार्यकर्ता और 22 करोड़ परिवार हैं। हम काफी मजबूत स्थिति में हैं। हमारे पास एक संगठन है जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लोकप्रियता को वोट में बदल सकता है। किसी के पास मोदी सरकार के खिलाफ कहने को कुछ नहीं है। हमारे पास कहने को इतना कुछ है कि कहते-कहते थक जाएंगे। हमारी सरकार पर किसी तरह का कोई दाग-धब्बा नहीं लगा है।”