Lok Sabha Election 2019: कांग्रेस की सहयोगी पार्टी पीआरपी (पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी) के नेता जयदीप कावडे ने केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी पर एक ओछी टिप्पणी की है। ईरानी पर बात करते हुए कांवडे ने कहा कि वह अपने माथे पर बड़ी बिंदी लगाती हैं और बिंदी का आकार उनका चरित्र बताता है। उन्होंने कहा, “स्मृति ईरानी नितिन गडकरी के बगल में बैठती हैं और संविधान बदलने की बात करती हैं। मैं आपको स्मृति ईरानी के बारे में एक बात बताता हूं। वे माथे पर बड़ी बिंदी लगाती हैं। उनके बिंदी का आकार बढ़ता रहता है। यह उनका चरित्र बताता है। स्मृति जी, जो कि मोदी सरकार में मंत्री हैं, संसद भवन में बैठती हैं और संविधान बदलने की बात करती हैं लेकिन उन्हें याद रखना चाहिए कि संविधान बदलना उतना आसान नहीं है जितना ****बदलना।” लोकसभा चुनाव के दौरान महिला नेता के खिलाफ बयान देकर जयदेव ने एक नए विवाद को जन्म दे दिया है।
यह पहली घटना नहीं है, जब किसी महिला नेता के खिलाफ ओछी टिप्पणी की गई हो। इससे पहले भाजपा के एक विधायक सुरेंद्र सिंह ने मायावती को लेकर ओछी टिप्पणी की थी। विधायक ने कहा था कि बसपा सुप्रीमो मायावती रोज फेशियल करवाती हैं और अपने बालों को रंगती हैं, ऐसे में वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जीवनशैली पर बयान कैसे दे सकती हैं। सुरेंद्र सिंह ने सपना चौधरी के कांग्रेस में शामिल होने की चर्चा पर भी आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। भाजपा विधायक ने कहा था, “सपना चौधरी कांग्रेस में शामिल हो जाती हैं तो यह गांधी परिवार में फिट हो जाएंगी क्योंकि राहुल गांधी की मां सोनिया गांधी भी एक डांसर थी और सपना चौधरी भी एक डांसर हैँ। जैसे राहुल के पिता राजीव गांधी ने सोनिया को अपना लिया, वैसे ही राहुल गांधी को भी सपना को अपना बना लेना चाहिए।” हालांकि, बाद में सपना चौधरी ने कांग्रेस में शामिल होने की चर्चा को अफवाह बताया था।
लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की बहन प्रियंका गांधी के सक्रिय राजनीति में शामिल होने तथा उत्तर प्रदेश पूर्व का प्रभारी बनाए जाने को लेकर उनके उपर भी कई ओछी टिप्पणियां की गई। उनके चेहरे को लेकर कमेंट किए गए थे। इसी तरह कई अन्य महिला राजनेताओं को लेकर ओछी टिप्पणी की जाती रही है।