Lok Sabha Election 2019: मध्य प्रदेश के भोपाल लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार साध्वी प्रज्ञा ने प्रतिद्वंदी दिग्विजय सिंह के पक्ष में प्रचार करने आ रहे कन्हैया कुमार से किसी तरह की नुकसान की बात से इंकार किया है। उन्होंने कहा कि मोदी जी के पास इस बार नई योजना है। प्रज्ञा 29 अप्रैल को भोपाल में उमा भारती से मिलीं। इसी दौरान पत्रकारों ने उनसे कुछ सवाल किए। इन्हीं में से एक सवाला था कि क्या कन्हैया कुमार के आने से बीजेपी को कोई नुकसान होगा?
प्रज्ञा ठाकुर ने कहा, “कांग्रेस का चरित्र जनता के सामने उजागर हो रहा है। कन्हैया कुमार के आने से राष्ट्रधर्म को कोई नुकसान नहीं हो सकता। इस बार मोदी जी के पास एक नई योजना है। आज जिन सीटों पर मतदान हो रहा है, वहां बीजेपी जीतेगी। मोदी जी प्रधानमंत्री बनेंगे। धर्म की जीत होगी। अधर्म का विनाश होगा।”
पत्रकारों ने यही सवाल उमा भारती से भी किया। भारती का जवाब था- कन्हैया आ रहे हैं तो हम क्या करें। इस पर दिग्विजय सिंंह को जवाब देना होगा। उमा ने प्रज्ञा को संत बताया और कहा कि वह उनके लिए प्रचार करेंगी।
गौरतलब है कि दिग्विजय सिंह रविवार को भोपाल स्थित सीपीआई कार्यालय पहुंचे थे। वहां उन्होंने कहा था, “मैं कन्हैया कुमार का समर्थक हूं। मैंने बिहार के बेगूसराय सीट सीपीआई को देने के लिए पार्टी को कहा था। कन्हैया कुमार युवाओं के बीच एक विचारधारा बन गए हैं। मुझे इस बात की खुशी है कि वे 8 और 9 मई को मेरे पक्ष में प्रचार करने के लिए भोपाल आ रहे हैं। कन्हैया सांप्रदायिकता से लड़ रहे हैं। इनका सम्मान करना चाहिए।”
दिग्विजय सिंह ने कहा था कि मेरी पार्टी (कांग्रेस) में कन्फ्यूजन था कि कन्हैया के कांग्रेस में आने से उसके द्वारा कथित तौर पर कहे गये ‘टुकड़े-टुकड़े’ वाला विवाद फिर शुरू हो जाएगा। उन्होंने कहा, ‘‘मैं चुनौती देता हूं कि उसका (कहा हुआ) एक शब्द ‘टुकड़े-टुकड़े’ कोई दिखाये। झूठ, पूरी झूठ। नाम नहीं लूंगा उस चैनल का। भाजपा-आरएसएस ने टुकड़े-टुकड़े के नारे लगवाये और बदनाम किया इन लड़कों को। ये आइडियोलॉजी (विचारधारा) सांप्रदायिकता से लड़ रहे हैं। इनका सम्मान करना चाहिए।’’
बता दें कि कन्हैया कुमार बिहार की बेगूसराय लोकसभा सीट से केन्द्रीय मंत्री गिरिराज सिंह के खिलाफ चुनावी मैदान में हैं। बेगूसराय सीट पर 29 अप्रैल को मतदान के बाद कन्हैया अपनेे प्रचार की व्यस्तताओं से मुक्त हो गए हैं और भाजपा के विरोध में अन्य उम्मीदवारों के लिए प्रचार तेज कर सकते हैं।