Bansuri Swaraj Biography: लोकसभा चुनाव 2024 को लेकर बीजेपी ने पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज की बेटी बांसुरी स्वराज को नई दिल्ली लोकसभा सीट से चुनाव लड़ने के लिए मैदान में उतारा है। बांसुरी पहले से ही भाजपा की दिल्ली इकाई की सचिव के रूप में काम कर रहीं थी।
कौन हैं बांसुरी स्वराज?
बांसुरी स्वराज पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज की बेटी हैं। उनके पिता का नाम स्वराज कौशल है, जो पेशे से वकील हैं। स्वराज कौशल मिजोरम के पूर्व राज्यपाल भी रह चुके हैं। बांसुरी स्वराज अपने माता-पिता की इकलौती संतान हैं। उनका जन्म 3 जनवरी, 1984 को एक ब्राह्मण परिवार में हुआ।
बांसुरी स्वराज की शिक्षा?
बांसुरी स्वराज 2007 में बार काउंसिल ऑफ दिल्ली में नामांकित हुईं। पिछले कई साल से वह कानूनी पेशे में हैं और क्रिमिनल लॉयर हैं। वारविक विश्वविद्यालय से अंग्रेजी साहित्य में बी.ए. (ऑनर्स) करने के बाद उन्होंने लंदन के प्रतिष्ठित बीपीपी लॉ स्कूल में कानून की पढ़ाई की। इसके बाद उन्होंने कानून में बैरिस्टर के रूप अर्हता हासिल की। इसके बाद बांसुरी ने ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय के सेंट कैथरीन कॉलेज से मास्टर ऑफ स्टडीज की पढ़ाई पूरी की।
ललित मोदी का केस लड़ चुकीं हैं बांसुरी स्वराज-
बांसुरी ने मीडिया का ध्यान उस समय आकर्षित किया था, जब यह खुलासा हुआ था कि सुषमा स्वराज की बेटी बांसुरी स्वराज IPL के पूर्व कमिश्नर ललित मोदी की लीगल टीम में शामिल थीं। बता दें, ललित मोदी ने एक ट्वीट कर अपनी लीगल टीम को बधाई दी थी। लीगल टीम के जिन सदस्यों के नाम का जिक्र ललित मोदी ने अपने ट्वीट में किया था, उनमें सुषमा स्वराज की बेटी बांसुरी समेत 8 वकील और शामिल थे।
बीजेपी तब किया था बांसुरी स्वराज का बचाव-
ललिल मोदी ने इन आठ लोगों के नाम का जिक्र अपने ट्वीट किया था, जिसमें महमूद अब्दी, बांसुरी स्वराज, रोजर ग्रेसन, डॉक्टर आर मराठा, बियांका हेमरिच, वेंकटेश दोंद, अभिषेक सिंह, अंकुर चावला के नाम शामिल थे। तब बीजेपी ने बांसुरी का बचाव करते हुए कहा था कि सुषमा स्वराज की बेटी का अपना प्रोफेशन है और वह अपने काम के लिए आजाद हैं।
कौन हैं सुषमा स्वराज के पति?
सुषमा स्वराज और उनके पति स्वराज कौशल की शादी 1975 में हुई। कौशल भारत में एक क्राइम वकील हैं। वह 34 वर्ष की आयु में भारत के सबसे युवा एडवोकेट जनरल थे, और 1990 से 1993 तक मिजोरम के गवर्नर थे। आज वे भारत के सर्वोच्च न्यायालय के वरिष्ठ अधिवक्ता हैं, और 1998 से 2004 तक संसद सदस्य रहे।
सुषमा स्वराज के परिवार में कौन-कौन?
सुषमा स्वराज के परिवार में एक भाई, एक बहन, एक बेटी हैं। सुषमा स्वराज की एक बेटी हैं। सुषमा के पिता का नाम हरदेव शर्मा और माता का नाम लक्ष्मी देवी था। भाई का नाम गुलशन शर्मा है। बहन का नाम वंदना शर्मा है। वंदना शर्मा हरियाणा के एक कॉलेज में प्रोफेसर हैं। भाई गुलशन शर्मा आयुर्वेद के चिकित्सक हैं।
2019 में भाजपा ने दिल्ली की सभी सीटों पर हासिल की थी जीत
2019 के लोकसभा चुनावों में बीजेपी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दिल्ली की सातों लोकसभा सीटों पर जीत दर्ज की थी। दिल्ली में बीजेपी ने उन चुनावों में कुल 56.9 फीसदी वोटों पर अपना कब्जा किया था। हालांकि इस बार पार्टी के सामने थोड़ी कठिन चुनौती होगी, क्योंकि लोकसभा चुनावों के लिए कांग्रेस और आम आदमी पार्टी ने गठबंधन किया है। दोनों पार्टियों के मध्य हुए समझौते के मुताबिक, आम आदमी पार्टी दिल्ली में 4 सीटों पर चुनाव लड़ेगी, जबकि कांग्रेस तीन सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेगी। पिछले चुनावों में 7 में 5 सीटों पर कांग्रेस और दो सीटों पर आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार नंबर दो पर रहे थे।