G Kishan Reddy Profile: चुनाव आयोग ने लोकसभा चुनाव 2024 की तारीखों का ऐलान कर दिया है। 7 चरणों में पूरा चुनाव होगा। 19 अप्रैल को पहले चरण की वोटिंग होगी। दूसरा चरण 26 अप्रैल, तीसरा 7 मई, चौथा चरण 13 मई, पांचवां 20 मई, छठवां 25 मई और सातवें चरण का मतदान 1 जून को होगा। वहीं, चुनाव परिणाम 4 जून 2024 को आएंगे। भाजपा ने चुनाव के लिए 267 तो वहीं, कांग्रेस ने 82 कैंडीडेट्स के नामों का ऐलान कर दिया है। बीजेपी ने तेलंगाना की 17 में से 15 सीटों पर प्रत्याशियों के नामों का ऐलान किया है। ऐसे ही तेलंगाना की महत्वपूर्ण सीटों में से एक सिकंदराबाद सीट पर भारतीय जनता पार्टी ने एक बार फिर जी किशन रेड्डी पर भरोसा जताया है।
तेलंगाना विधानसभा चुनाव से पहले केंद्रीय मंत्री जी किशन रेड्डी को तेलंगाना बीजेपी का अध्यक्ष नियुक्त किया गया था। रंगारेड्डी जिला के तिमापुर गांव में रहने वाले मध्यम वर्गीय किसान जी स्वामी (जी. किशन रेड्डी के पिता) के घर में जन्मे रेड्डी ने राजनीति करियर की शुरुआत 1977 में जनता पार्टी में युवा वर्कर के तौर पर की थी। इसके बाद वो 1980 में बीजेपी की स्थापना के दौरान इसमें शामिल हुए थे। उनका विवाह काव्या रेड्डी से हुआ है और उनके दो बच्चे, एक बेटी और एक बेटा हैं। जी किशन रेड्डी ने टूल डिज़ाइन में डिप्लोमा किया है।
इंदिरा गांधी के खिलाफ आंदोलन से प्रेरित होकर राजनीति में रखा कदम
तेलंगाना के सिकंदराबाद से सांसद और केंद्रीय संस्कृति मंत्री जी किशन रेड्डी का पूरा नाम गंगापुरम किशन रेड्डी है जिन्हें किशन अन्ना के नाम से भी जाना जाता है। किशन रेड्डी के राजनीतिक कैरियर की बात करें तो वो सांसद बनने से पहले तीन बार विधायक रहे हैं। जी किशन रेड्डी बताते हैं कि वो राजनीति में लोकनायक जयप्रकाश नारायण के तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के खिलाफ चलाए गए आंदोलन से प्रेरित होकर आए हैं।
शुरुआत में जी किशन रेड्डी को आंध्र प्रदेश बीजेपी युवा मोर्चा के कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई। जिसके बाद उन्हें आंध्र प्रदेश बीजेपी युवा मोर्चा का प्रेसिडेंट भी बनाया गया। रेड्डी बीजेपी युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। 2004 में वह हिमायतनगर सीट से विधायक बने। इसके बाद वह अंबरपेट सीट से लगातार दो बार एमएलए चुने गए। जी किशन रेड्डी ने पार्टी प्रवक्ता सहित संगठन में कई जिम्मेदारी संभाली है।
इन पदों की संभाली जिम्मेदारी
2010 से 2014 तक वह आंध्र प्रदेश के बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष रहे। उन्हें सर्वसम्मति से तेलंगाना भाजपा अध्यक्ष के रूप में चुना गया। 2019 में उन्हें सिकंदराबाद निर्वाचन क्षेत्र से लोकसभा सांसद के रूप में चुना गया। 30 मई 2019 को, उन्होंने भारत सरकार में गृह मामलों के केंद्रीय राज्य मंत्री (MoS) के रूप में शपथ ली। 2019 से 2021 तक भारत सरकार के गृह राज्य मंत्री रहे। 2021 से वह भारत सरकार के पर्यटन मंत्री, संस्कृति मंत्री और उत्तर पूर्वी क्षेत्र के विकास मंत्री हैं। जुलाई 2023 में जी किशन रेड्डी को तेलंगाना में भारतीय जनता पार्टी के राज्य अध्यक्ष के रूप में फिर से नियुक्त किया गया।
लोकसभा चुनाव 2019 में जी किशन रेड्डी का प्रदर्शन
पिछले लोकसभा चुनाव में सिकंदराबाद लोकसभा सीट से भाजपा के जी किशन रेड्डी ने जीत हासिल की थी। उन्हें 3.84 लाख वोट मिले थे। दूसरे स्थान पर रहे टीआरएस के टी साई किरण यादव को 3.22 लाख वोटों से संतोष करना पड़ा था।