Lok Sabha Elections 2019: भाजपा में उचित सम्मान नहीं मिलने पर बिहार के पटना साहिब से सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने खुद को पार्टी से अलग कर लिया। अब कांग्रेस भी उनकी उम्मीदों पर पानी फेर सकती है। इंडियन एक्सप्रेस के इनसाइड ट्रैक में छपे कूमी कपूर के एक कॉलम के मुताबिक बॉलीवुड एक्टर सिन्हा को उम्मीद थी कि कांग्रेस में उनकी एंट्री की घोषणा बड़े धूमधाम से की जाएगी। मगर जब उन्हें पता चला कि पार्टी प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला को उनके कांग्रेस में आने की घोषणा करनी थी तो वह खफा हो गए। उधर सिन्हा की प्रतिक्रिया के बाद कांग्रेस ने उनके पार्टी में शामिल होने की औपचारिक एंट्री को बिहार सीट बंटवारे तक टाल दिया है। इस बीच सिन्हा को एक फोटो सेशन के लिए कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी से मिलने का मौका दिया गया।

हालांकि पार्टी में शामिल हुए बिना ही कांग्रेस ने बिहार में चुनाव प्रचार के लिए जारी स्टार प्रचारकों की सूची में शत्रुघ्न सिन्हा को जगह दी है। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव मोतीलाल वोरा ने निर्वाचन आयोग को बिहार के लिए स्टार प्रचारकों की जो लिस्ट सौंपी है उसमें राहुल गांधी, सोनिया गांधी, डॉ. मनमोहन सिंह, प्रियंका गांधी वाड्रा, शक्ति सिंह गोहिल, डॉ. मदन मोहन झा, सदानंद सिंह, डॉ. अखिलेश प्रसाद सिंह के साथ 17वें नंबर पर शत्रुघ्न सिन्हा का नाम शामिल है। बीती 25 मार्च को वोरा ने यह सूची चुनाव आयोग के सचिव को सौंपी थी। इसकी एक प्रति मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, बिहार को भी भेजी गई। खास बात सिन्हा ने कांग्रेस में औपचारिक एंट्री से पहले ही साफ कर दिया है कि वो अब कांग्रेस में हैं।

[bc_video video_id=”6019829258001″ account_id=”5798671092001″ player_id=”JZkm7IO4g3″ embed=”in-page” padding_top=”56%” autoplay=”” min_width=”0px” max_width=”640px” width=”100%” height=”100%”]

जानना चाहिए कि सिन्हा ने बीते दिनों कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी से मुलाकात की थी। इस मुलाकात के बाद शत्रुघ्न सिन्हा ने मीडिया से कहा था कि वह जल्द ही कांग्रेस में शामिल होंगे और नवरात्र में अच्छी खबर मिलेगी। सिन्हा के भाजपा छोड़ने पर उनकी बेटी और बॉलीवुड एक्टर सोनाक्षी सिन्हा ने भी पिता का समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि पिता को काफी पहले ही भाजपा से ‘‘अलग’’ हो जाना चाहिए था क्योंकि उन्हें वह सम्मान नहीं दिया गया जिसके वह हकदार थे। सोनाक्षी ने कहा कि कांग्रेस में शामिल होना उनका अपना फैसला है और उनका भरोसा है कि उनके पिता पार्टी के साथ मिलकर अच्छा काम करेंगे।