Lok Sabha Elections 2019: लोकसभा चुनाव 2019 के लिए प्रचार अभियान अपने आखिरी चरण में है और 12 मई को वोट डाले जाएंगे। ऐसे में भोपाल लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर जमकर प्रचार कर रही हैं। शुक्रवार (10 मई, 2019) को भी चुनाव प्रचार के लिए वो भोपाल में पहुंची। यहां प्रचार के दौरान उन्होंने एक बच्ची का नामकरण कर दिया। चुनाव प्रचार के दौरान बच्ची के नामकरण का वीडियो सोशल मीडिया में भी खूब वायरल हो रहा है। इसमें प्रज्ञा बच्ची को हाथ में उठाए कह रही हैं, ‘इस नाम मैंने प्रज्ञा रख दिया है। आज से इसका नाम प्रज्ञा है… प्रज्ञा कारपेंटर…।’

बता दें कि भोपाल से ही मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और दिग्गज कांग्रेसी नेता दिग्विजय सिंह चुनावी मैदान में हैं। सिंह ने हाल ही में भोपाल के लिए संकल्प पत्र जारी किया था। कांग्रेस नेता की ही तर्ज पर प्रज्ञा ठाकुर ने संकल्प पत्र जारी किया। इसमें उन्होंने युवाओं में उद्यमशीलता की भावना को बढ़ावा देने के लिए उद्यमियों को 50 लाख रूपए तक का ऋण बिना किसी सिक्योरिटी के देने एवं वर्ष 2014 तक देश में 50,000 नये स्टार्टअप स्थापित करने में भोपाल को प्रोत्साहन के लिए संगठित प्रयास का वादा किया है। इसके अलावा, प्रज्ञा ने इसमें किसान कल्याण का लक्ष्य सुनिश्चित करने के साथ-साथ देशभर में वेयरहाउस नेटवर्क के तहत भोपाल को वेयरहाउसिंग और लॉजिस्टिक हब बनाने का वादा किया है।

इसमें राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड और खुदरा कारोबार की वृद्धि के लिए राष्ट्रीय खुदरा व्यापार नीति का लाभ भोपाल में सुनिश्चित करने की बात शामिल है। संकल्प-पत्र जारी करने के बाद प्रज्ञा ने संवाददाताओं को बताया, ‘यह संकल्प-पत्र केवल अंश मात्र है, इसमें और भी चीजें जुड़ती रहेंगी।’

गौरतलब है कि प्रज्ञा साल 2008 में हुए मालेगांव विस्फोट मामले में आरोपी हैं और फिलहाल जमानत पर हैं। जेल में रहने के दिनों को याद करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस की प्रताड़ना के कारण चुनाव प्रचार के लिए गलियों में नहीं जा पा रही हूं। (भाषा इनपुट सहित)