उत्तर प्रदेश में 7 मई को तीसरे चरण में 10 लोकसभा सीटों पर वोटिंग होगी। तीसरे चरण में यूपी की कई महत्वपूर्ण सीटों पर सभी की नज़रें हैं। यूपी की जिन 10 लोकसभा सीटों पर मतदान होना है उनमें संभल, हाथरस, आगरा ,फतेहपुर सीकरी, फिरोजाबाद, मैनपुरी, एटा, बदांयू, आंवला और बरेली शामिल हैं।
तीसरे चरण में मुलायम सिंह परिवार के तीन सदस्य भी मैदान में दिखाई देंगे। खासतौर पर चर्चा सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव के चुनाव पर है। वह मैनपुरी से चुनाव लड़ रही हैं जहां बीजेपी ने उनके के खिलाफ पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह को मैदान में उतारा है।
इन सीटों पर रहेगी खास नजर
उत्तर प्रदेश की मैनपुरी लोकसभा से जहां डिंपल यादव मैदान में हैं। वहीं सपा के वरिष्ठ नेता और अखिलेश यादव के चाचा शिवपाल सिंह यादव के बेटे आदित्य यादव बदायूं से मैदान में हैं। प्रोफेसर रामगोपाल यादव के बेटे अक्षय यादव फिरोजाबाद से सपा के उम्मीदवार हैं।
आगरा से केंद्रीय राज्य मंत्री एसपी सिंह बघेल बीजेपी की ओर से मैदान में हैं। वहीं भाजपा ने राजस्व राज्य मंत्री अनूप वाल्मिकी को हाथरस से मैदान में उतारा है। बीजेपी ने पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के बेटे राजवीर सिंह को एटा से और पूर्व राज्य मंत्री छत्रपाल सिंह गंगवार को बरेली से मैदान में उतारा है। फ़तेहपुर सीकरी में बीजेपी ने राजकुमार चाहर को टिकट दिया है, जबकि यहां कांग्रेस से रामनाथ सिकरवार मैदान में हैं।
तीसरे चरण की खास बात यह रही है कि प्रचार के लिए चुनाव में सबसे ज़्यादा लंबी अवधि थी। इस दौरान बीजेपी की ओर पीएम मोदी लगातार मैदान में प्रचार करते दिखाई दिए वहीं यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ और गृह मंत्री अमित शाह भी कई सीटों पर प्रचार करते दिखे। दूसरी तरफ सपा प्रमुख अखिलेश यादव, प्रियंका गांधी, राहुल गांधी भी उत्तर प्रदेश की इन सीटों पर प्रचार करने पहुंचे।
| लोकसभा सीट | सपा उम्मीदवार | बीजेपी उम्मीदवार |
| संभल | जियाउर्रहमान बर्क | परमेश्वरलाल सैनी |
| हाथरस | जसवीर वाल्मीकि | अनूप वाल्मिकी |
| आगरा | सुरेश चंद्र कर्दम | एसपी सिंह बघेल |
| फतेहपुर सीकरी | नरेश उत्तम पटेल | राजकुमार चाहर |
| फिरोजाबाद | अक्षय यादव | विश्वदीप सिंह |
| मैनपुरी | डिंपल यादव | जयवीर सिंह |
| एटा | देवेश शाक्य | राजवीर सिंह |
| बदायूं | आदित्य यादव | दुर्विजय सिंह शाक्य |
| आंवला | नीरज मौर्य | धर्मेंद्र कश्यप |
| बरेली | प्रवीण सिंह ऐरन | छत्रपाल सिंह गंगवार |
कैसी है टक्कर?
संभल, आगरा, फ़तेहपुर सीकरी, मैनपुरी और आंवला सहित कई सीटों पर एनडीए, इंडिया गठबंधन और बसपा के बीच त्रिकोणीय टक्कर देखने को मिल रही है। जबकि हाथरस, फ़िरोज़ाबाद, एटा और बदायूँ जैसे अन्य क्षेत्रों में बीजेपी और समाजवादी पार्टी के बीच आमने-सामने की टक्कर है। खासतौर पर बात अगर मैनपुरी, बदायूं और फिरोजाबाद की जाए तो यहां भी लड़ाई काफी रोचक मानी जा रही है।
मैनपुरी : मैनपुरी तीसरे चरण की सबसे दिलचस्प सीटों में से एक है। मैनपुरी ने सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव को पांच बार लोकसभा भेजा है। इस सीट पर 1996 से सपा जीतती आ रही है। कांग्रेस यहां आखिरी बार 1984 में जीती थी। 2019 में मुलायम सिंह यादव ने बीजेपी के प्रेम सिंह शाक्य को हराकर जीत हासिल की थी। 2024 में बीजेपी के जयवीर सिंह सपा की डिंपल यादव को चुनौती दे रहे हैं जबकि डॉ. गुलशन देव शाक्य बसपा प्रत्याशी हैं।
फिरोजाबाद : इस सीट से 2009 में सपा प्रमुख अखिलेश यादव और 2014 में उनके चचेरे भाई अक्षय यादव सांसद बने थे। 2009 में हुए उपचुनाव में कांग्रेस के राज बब्बर ने सपा की डिंपल यादव को करारी हार दी थी। इस बार यहां 2024 के लिए बीजेपी ने विश्वदीप सिंह को अपना उम्मीदवार घोषित किया है, जबकि सपा ने अक्षय यादव को दोबारा उम्मीदवार बनाया है. बसपा ने चौधरी बशीर को अपना उम्मीदवार बनाया है।
बदायूं : सपा ने 1996 से 2014 तक लगातार बदायूं सीट जीती थी लेकिन 2019 में बीजेपी ने यह सीट अपने कब्जे में ले ली थी। इस बार बीजेपी ने मौजूदा सांसद संघमित्रा मौर्य की जगह दुर्विजय शाक्य को यहां से टिकट दिया है। सपा ने शिवपाल यादव के बेटे आदित्य यादव को प्रत्याशी बनाया है। बसपा प्रत्याशी मुस्लिम खान हैं।
