New Delhi Lok Sabha Chunav Result 2024: लोकसभा चुनाव 2024 के परिणाम में बीजेपी ने दिल्ली की सभी सात सीटों पर फतह हासिल की है। दिल्ली की सबसे वीआईपी सीट में से एक नई दिल्ली लोकसभा सीट पर दिवंगत पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज की बेटी बांसुरी स्वराज ने अपना पहला लोकसभा चुनाव जीत लिया है। बांसुरी स्वराज ने आम आदमी पार्टी के सोमनाथ भारती को 78370 वोटों के अंतर से हरा दिया। सोमनाथ भारत को कुल 374815 वोट प्राप्त हुए तो वहीं बांसुरी स्वराज को 453185 वोट हासिल हुए।
नई दिल्ली लोकसभा सीट का परिणाम 2024
उम्मीदवार | पार्टी | वोट प्राप्त | हार/जीत का अंतर |
बांसुरी स्वराज | बीजेपी | 453185 | 78370 |
सोमनाथ भारती | आम आदमी पार्टी | 374815 | 78370 |
बता दें कि इस सीट पर बीजेपी ने इस बार केंद्रीय मंत्री मीनाक्षी लेखी का टिकट काटकर सुषमा स्वराज की बेटी बांसुरी स्वराज को उम्मीदवार बनाया था। वहीं, आम आदमी पार्टी ने सोमनाथ भारती को मैदान में उतारा था। बसपा से राजकुमार आनंद लड़ रहे थे।
Delhi Lok Sabha Chunav Result 2024 LIVE
एक नजर नई दिल्ली लोकसभा सीट पर
नई दिल्ली राष्ट्रीय राजधानी की चर्चित लोकसभा सीटों में गिनी जाती है। नई दिल्ली लोकसभा क्षेत्र के पास राष्ट्रपति भवन, संसद भवन, इंडिया गेट, उच्चतम न्यायालय जैसी महत्वपूर्ण इमारतें हैं। भारतीय जनता पार्टी ने पिछली दो बार से इस सीट पर कब्जा जमाया है। इस इलेक्शन में भी बीजेपी जीत का परचम लहराना चाह रही है। अब अगर बात आम आदमी पार्टी की करें इंडिया अलायंस के तहत यह सीट उसके खाते में गई है। वह बीजेपी को करारी शिकस्त देकर विजयी पताका फहराने की फिराक में है।
साल 2019 में नई दिल्ली लोकसभा सीट का परिणाम (New Delhi Lok Sabha Elections Result 2019)
2019 के लोकसभा चुनाव में नई दिल्ली लोकसभा सीट पर भारतीय जनता पार्टी ने मीनाक्षी लेखी को मैदान में उतारा था। उनके सामने कांग्रेस पार्टी ने अजय माकन को टिकट दिया था। वहीं, आम आदमी पार्टी ने लड़ाई को त्रिकोणीय बनाते हुए बृजेश गोयल को उम्मीदवार बनाया था। इस सीट से मीनाक्षी लेखी को 5,04,206 वोट मिले तो कांग्रेस के अजय माकन को 2,47,702 वोट हासिल हुए। आप के प्रत्याशी बृजेश गोयल को 1,50,342 वोटों से ही संतोष करना पड़ा था। मीनाक्षी लेखी ने 2.5 लाख से ज्यादा वोटों से जीत हासिल की थी। इसका उनको इनाम भी मिला। केंद्र में उन्हें केंद्रीय मंत्री का पद मिला।
पार्टी | प्रत्याशी | वोट |
बीजेपी | मीनाक्षी लेखी | 5,04,206 |
कांग्रेस | अजय माकन | 2,47,702 |
आम आदमी पार्टी | बृजेश गोयल | 1,50,342 |
साल 2014 में नई दिल्ली लोकसभा सीट का परिणाम (New Delhi Lok Sabha Elections Result 2014)
नई दिल्ली लोकसभा सीट पर 2014 के चुनाव में कई राजनीतिक पार्टियों के कुछ सबसे दिग्गज नेताओं के बीच टक्कर रही। इनमें कांग्रेस के अजय माकन, बीजेपी की मीनाक्षी लेखी, आम आदमी पार्टी के आशीष खेतान और तृणमूल कांग्रेस के दिग्गज अभिनेता बिस्वजीत चटर्जी शामिल थे। मोदी लहर में मीनाक्षी लेखी ने बाजी मारी। उन्होंने 4,53,350 वोटों के साथ करीबी प्रतिद्वंदी आशीष खेतान को 1,62,704 वोट के बड़े अंतर से मात दी। पत्रकार से राजनीतिज्ञ बने आशीष खेतान ने आम आदमी पार्टी से किस्मत अजमाई। उन्हें 2,90,642 वोट मिले जबकि तीसरे पायदान पर रहे कांग्रेस के अजय माकन को 1,82,893 वोटों से ही संतोष करना पड़ा।
पार्टी | प्रत्याशी | वोट |
बीजेपी | मीनाक्षी लेखी | 4,53,350 |
आम आदमी पार्टी | आशीष खेतान | 2,90,642 |
कांग्रेस | अजय माकन | 1,82,893 |
नई दिल्ली लोकसभा सीट में कितने मतदाता?
नई दिल्ली लोकसभा सीट में 14 लाख से ज्यादा मतदाता हैं। इनमें पुरुष वोटर्स 8 लाख 30 हजार तो वहीं महिला वोटर्स की संख्या 6 लाख 59 हजार हैं। यहां मुस्लिम समुदाय की आबादी 6 प्रतिशत है, अनूसूचित जाति के करीब 21 फीसदी और सिख समुदाय के तीन फीसदी वोटर्स हैं।