Hazaribagh Lok Sabha Chunav Result 2024: झारखंड की हजारीबाग लोकसभा सीट पर बीजेपी के मनीष जायसवाल ने कांग्रेस के जे पी पटेल को 2.76 लाख वोटों से हराकर जीत ली। इस सीट पर 5वें चरण (20मई) में वोट डाले गए थे। हजारीबाग झारखंड की हाई प्रोफाइल लोकसभा सीटों में से एक है। इस सीट पर पूर्व विदेश और वित्त मंत्री यशवंत सिन्हा चुनाव लड़ते और जीतते रहे हैं।
2014 लोकसभा चुनाव में हजारीबाग का परिणाम (Hazaribagh Lok Sabha Elections Result)
साल 2014 में पहली बार यशवंत सिन्हा के बेटे जयंत सिन्हा इस सीट से चुनाव लड़े थे। मोदी सरकार में उन्हें मंत्री भी बनाया गया था।
2019 लोकसभा चुनाव में हजारीबाग का परिणाम (Hazaribagh Lok Sabha Elections Result)
2019 में जयंत सिन्हा ने एक बार फिर जीत हासिल की थी। हालांकि जयंत सिन्हा ने खुद 2024 लोकसभा चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया था। जिसके बाद बीजेपी ने मनीष जायसवाल को मैदान में उतारा।
हजारीबाग लोकसभा सीट का इतिहास
हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र 1957 में अस्तित्व में आया था। इसे रामगढ़ और हजारीबाग जिले के कुछ इलाकों को मिलाकर बनाया गया था। यहां 17 बार चुनाव हुए जिसमें सिर्फ 1971 और 1984 में कांग्रेस ने जीत दर्ज की थी। वहीं 1989, 1996, 1998, 1999, 2009, 2014 और 2019 में बीजेपी ने अपने उम्मीदवारों को सात बार लोकसभा में भेजा।
1991 और 2004 में कम्युनिस्ट पार्टी के उम्मीदवार ने जीत दर्ज की थी। 1977 में भारतीय लोक दल के सांसद चुने गए थे। बता दें की 1977 के लोकसभा चुनाव में भारतीय लोक दल ने राज्य की 14 में से 12 सीटों पर जीत हासिल की थी।
हजारीबाग लोकसभा सीट झारखंड के 14 निर्वाचन क्षेत्रों में से एक है। 2019 के आंकड़ों के अनुसार हजारीबाग लोकसभा सीट के कुल मतदाताओं की संख्या 17 लाख 10 हजार 465 थी।
किस जाति के कितने मतदाता?
हजारीबाग लोकसभा सीट पर अनुसूचित जाति (एससी) के मतदाताओं की संख्या 2 लाख 61 हजार 701 है, जबकि एसटी मतदाताओं की संख्या 2 लाख 18 हजार 940 है. वहीं इस सीट पर मुस्लिम मतदाता 3 लाख 07 हजार 131 (18%) हैं। इस सीट पर ग्रामीण मतदाता लगभग 12 लाख 9 हजार 299 है। वहीं शहरी मतदाताओं की संख्या 5 लाख 01 हजार 166 है।