पंजाब में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (AAP) लोकसभा चुनाव में अपने बड़े दिग्गजों पर दांव लगाने पर विचार कर रही है। ‘इंडिया’ गठबंधन का घटक होने के बावजूद आप ने पंजाब में कांग्रेस के साथ गठबंधन से इनकार कर दिया था। आप अब पंजाब की 13 लोकसभा सीटों के लिए उपयुक्त उम्मीदवारों पर विचार कर रही है। पार्टी उम्मीदवारों की जीत की संभावनाओं को जांचने के लिए विभिन्न सर्वेक्षण करवा रही है ताकि उन्हें चुनावी मैदान में उतारा जा सके।
सूत्रों के मुताबिक, पार्टी पहले ही कई कैबिनेट मंत्रियों और पूर्व मंत्रियों से संपर्क कर उन्हें अपने गृह जिलों से चुनाव लड़ने के लिए कह चुकी है। अगर सब कुछ ठीक रहा तो आचार संहिता लागू होते ही आम आदमी पार्टी सबसे पहले अपने उम्मीदवारों की घोषणा करना चाहेगी।
लालजीत सिंह भुल्लर ने खडूर साहिब से चुनाव लड़ने से कर दिया मना
सूत्रों के मुताबिक, इसके साथ ही पार्टी इस बात पर विचार कर रही है कि क्या वह डॉ. बलबीर सिंह, बलकार सिंह, गुरुमीत सिंह खुड्डियां, कुलदीप धालीवाल और पूर्व मंत्री डॉ. इंद्रबीर सिंह निज्जर सहित मौजूदा मंत्रियों को लोकसभा चुनाव में टिकट दे सकती है। इससे पहले, कैबिनेट मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर को खडूर साहिब निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ने पर विचार किया जा रहा था, लेकिन माना जा रहा है कि उन्होंने संसदीय चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया है।
खेल मंत्री गुरमीत सिंह मीत हेयर की उम्मीदवारी तय मानी जा रही है
वहीं, संगरूर लोकसभा क्षेत्र से खेल मंत्री गुरमीत सिंह मीत हेयर की उम्मीदवारी लगभग तय मानी जा रही है। इस निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व शिअद (अमृतसर) प्रमुख सिमरनजीत सिंह मान करते हैं। मुख्यमंत्री भगवंत मान संगरूर से दो बार सांसद रह चुके हैं। धुरी से विधायक चुने गए और मुख्यमंत्री बनने के बाद मान ने लोकसभा की यह सीट खाली की थी। बाद में इस सीट पर हुए उपचुनाव में आम आदमी पार्टी को हार मिली थी।
बठिंडा से पार्टी की निगाहें कैबिनेट मंत्री बलकार सिंह और गुरमीत सिंह खुड्डियां पर हैं। गुरदासपुर से कैबिनेट मंत्री कुलदीप धालीवाल का नाम भी चर्चा में है। लुधियाना से आप के राज्यसभा सदस्य सुनील अरोड़ा के नाम पर भी विचार किया जा रहा है। जलंधर से आप के मौजूदा सांसद सुशील कुमार रिंकू हैं। उन्हें जलंधर से उम्मीदवार बनाए जाने की संभावना है।
विधानसभा सीट शाम चौरासी से मौजूदा विधायक डॉ. रवजोत सिंह का नाम होशियारपुर सीट पर चल रहा है। आप के मुख्य प्रवक्ता मलविंदर सिंह कंग आनंदपुर साहिब से उम्मीदवार हैं। पता चला है कि फतेहगढ़ साहिब से पार्टी मोहाली के विधायक कुलवंत सिंह को चुनाव लड़वाना चाहती थी लेकिन उन्होंने इसके लिए फिलहाल हामी नहीं भरी है।