Mahesh Sharma Profile: चुनाव आयोग ने लोकसभा चुनाव 2024 की तारीखों का ऐलान कर दिया है। 7 चरणों में पूरा चुनाव होगा। 19 अप्रैल को पहले चरण की वोटिंग होगी। दूसरा चरण 26 अप्रैल, तीसरा 7 मई, चौथा चरण 13 मई, पांचवां 20 मई, छठवां 25 मई और सातवें चरण का मतदान 1 जून को होगा। वहीं, चुनाव परिणाम 4 जून 2024 को आएंगे। भाजपा ने चुनाव के लिए 267 तो वहीं, कांग्रेस ने 82 कैंडीडेट्स के नामों का ऐलान कर दिया है। बीजेपी ने उत्तर प्रदेश की 50 सीटों पर प्रत्याशियों के नामों का ऐलान किया है। इसी कड़ी में उत्तर प्रदेश की गौतमबुद्ध नगर लोकसभा सीट से भाजपा ने महेश शर्मा को पार्टी उम्मीदवार बनाया था। वहीं समाजवादी पार्टी ने यहां से डॉ महेंद्र नागर को चुनावी मैदान में उतारा है।
भाजपा ने एक बार फिर गौतमबुद्ध नगर से मौजूदा सांसद डॉ. महेश शर्मा पर ही भरोसा जताते हुए उन्हें मैदान में उतारा है। डॉ. महेश शर्मा साल 2014 और 2019 में हुए लोकसभा चुनाव में जीत दर्ज कर चुके हैं। अगर इस बार भी वह गौतमबुद्धनगर सीट से जीत जाते हैं तो वह जीत की हैट्रिक लगाएंगे। हाई प्रोफाइल सीट बचाने में कामयाब होने के पीछे मुख्य वजह उनकी अपने क्षेत्र में साफ छवि है. इसके अलावा, संगठन पर उनकी अच्छी पकड़ है और वह अपने क्षेत्र में काफी सक्रिय भी रहते हैं. पेशे से डॉक्टर होने के साथ ही वह ग्रामीण क्षेत्रों में भी अपनी पकड़ बनाए हुए हैं।
नोएडा विधानसभा के पहले विधायक
पेशे से चिकित्सक डॉ महेश शर्मा भारत सरकार के संस्कृति, पर्यटन और नागरिक उड्डयन मन्त्रालय में स्वतंत्र रूप से राज्य मंत्री रहे हैं। वह उत्तर प्रदेश की नोएडा विधानसभा के पहले विधायक भी रह चुके हैं। महेश शर्मा को आगामी 2024 लोकसभा चुनाव के लिए भाजपा त्रिपुरा का प्रभारी नियुक्त किया गया है।
राजस्थान के अलवर जिले के नीमराना के पास मनेठी गांव में पैदा हुए महेश शर्मा के पिता कैलाश चंद शर्मा एक स्कूल टीचर थे। उनकी शुरुआती पढ़ाई गांव में हुई। माध्यमिक शिक्षा के लिए वह दिल्ली चले गये। उन्होंने यूनिवर्सिटी कॉलेज ऑफ मेडिकल साइंसेज से स्नातक की उपाधि प्राप्त की। 2012 में उन्हें एमिटी यूनिवर्सिटी, नोएडा से मानद डॉक्टरेट की उपाधि प्राप्त हुई।
बचपन से ही RSS से जुड़े थे महेश शर्मा
महेश शर्मा बचपन से ही राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) से जुड़े हुए थे। अपने छात्र जीवन के दौरान, वह अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) से जुड़े। बाद में वह भाजपा में शामिल हो गये। 2012 में विधानसभा चुनाव के दौरान वह नोएडा से विधायक चुने गए। मेडिकल प्रोफेशन में 25 साल बिताने के बाद सामाजिक कल्याण के प्रति उनके समर्पण ने उन्हें चुनावी शुरुआत करने के लिए प्रेरित किया।
मोदी सरकार में अपना पहला कार्यकाल सफलतापूर्वक पूरा करने के बाद महेश शर्मा 2019 के संसदीय चुनावों में दूसरी बार संसद सदस्य (17वीं लोकसभा) बने। उन्होंने गौतमबुद्ध नगर निर्वाचन क्षेत्र में कुल पड़े वोटों में से 50 प्रतिशत से अधिक वोट पाकर संसदीय चुनाव जीता।
महेश शर्मा को सबसे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पहचाना और 2014 में उन्हें अपनी पहली कैबिनेट में जगह दी। महेश 27,000 से अधिक वोटों के भारी अंतर से जीतकर नोएडा के पहले विधायक बने। उन्हें मार्च 2012 में उत्तर प्रदेश की नोएडा विधानसभा सीट से विधायक के रूप में चुना गया था। इसके अलावा, उन्होंने लोकसभा के साथ-साथ गौतमबुद्ध नगर में राज्य विधानसभा चुनावों में भी भाग लिया।
2019 लोकसभा चुनाव में महेश शर्मा का प्रदर्शन
लोकसभा चुनाव 2019 में गौतमबुद्ध नगर से भाजपा के टिकट पर डॉ महेश शर्मा ने जीत हासिल की थी। उन्हें कुल 8.30 लाख वोट हासिल हुए थे। वहीं, बसपा से सतबीर नागर को 4.93 लाख वोट मिले थे। महेश ने सतबीर नागर को 3 लाख से ज्यादा वोटों के अंतर से हराया था।
लोकसभा चुनाव 2014 में महेश शर्मा का प्रदर्शन
2014 के लोकसभा चुनाव में भी गौतमबुद्ध नगर लोकसभा क्षेत्र से डा.महेश शर्मा निर्वाचित हुए थे। उन्हें 5.99 लाख वोट मिले थे। उन्होंने समाजवादी पार्टी के नरेंद्र भाटी को 2.80 लाख वोटों से हराया था।