Lok Sabha Election 2019: लोकसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी कांग्रेस को महाराष्ट्र में काफी दिक्क्तों का सामना करना पड़ रहा है। हाल ही में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अशोक चह्वाण की कथित ऑडियो क्लिप वायरल होने से पार्टी की काफी फजीहत हुई। इसमें चह्वाण ने सीट चयन पर बेबसी जाहिर की थी, जिसके बाद चंद्रपुर से पार्टी के उम्मीदवार को बदल दिया गया। इसके अलावा कोल्हापुर में कांग्रेस नेता और पूर्व मंत्री सतेज पाटिल खुले तौर पर शिवसेना उम्मीदवार के लिए प्रचार कर रहे हैं।

पार्टी उम्मीदवार के खिलाफ लड़ने की धमकी: चुनाव से ठीक पहले महाराष्ट्र में कांग्रेस पार्टी का मुस्लिम चेहरा और औरंगाबाद जिला प्रमुख अब्दुल सत्तार ने यहां से पार्टी उम्मीदवार के खिलाफ निर्दलीय चुनाव लड़ने और पार्टी छोड़ने की धमकी दी है। इसके अलावा सत्तार ने मीडिया से कहा, “अशोक चह्वाण असहाय हैं।”

चुनाव लड़ने मना कर रहे नेता: बता दें कि कांग्रेस को अपनी पारंपरिक सीटों पर भी उम्मीदवार खोजने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ रही है। 2014 के लोकसभा चुनाव में पार्टी को महाराष्ट्र में सिर्फ दो सीटों पर जीत मिली थी। इनमें से एक सीट हिंगोली से पार्टी के मौजूदा सांसद राजीव सातव ने पार्टी के काम का हवाला देते हुए लोसकभा चुनाव लड़ने से मना कर दिया। इसके अलावा पूर्व सीएम पृथ्वीराज चह्वाण ने कथित तौर पर पुणे से चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया था। बताया जा रहा था कि उनकी पसंद कराड सीट है।

मुकुल वासनिक का भी इनकार : मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो एआईसीसी के महासचिव मुकुल वासनिक ने भी रामटेक से चुनाव लड़ने से मना कर दिया था, जहां से 2014 में वे हार गए थे। बताया जा रहा है कि अशोक चह्वाण खुद कथित तौर पर नांदेड से अपनी इच्छा के खिलाफ चुनावी मैदान में उतरे हैं। इसके अलावा मुंबई उत्तर-मध्य से चुनाव लड़ रही प्रिया दत्त भी शुरू में चुनाव लड़ने की इच्छुक नहीं थीं।

सहयोगियों ने भी उठाए सवाल: बता दें कि स्वाभिमान पक्ष के राजू शेट्टी जैसे सहयोगियों ने भी कांग्रेस के प्रति निराशा व्यक्त करते हुए कहा, “कांग्रेस अव्यवस्थाओं का घर है। यहां स्थानीय नेताओं का साथ नहीं मिलता और कोई मुखर आवाज नहीं है।” इसके अलावा पृथ्वीराज चह्वाण के एक सहयोगी ने कहा, “अशोक चह्वाण किसी भी मामले पर उनसे सलाह नहीं लेते हैं। चाहे वह चुनाव के लिए उम्मीदवार का चयन हो या किसी चुनावी रणनीति पर बात करना हो।”

कांग्रेस का बयान: कांग्रेस के प्रवक्ता सचिन सावंत ने कहा कि हम एक लोकतांत्रिक पार्टी हैं। सभी को अपने विचार व्यक्त करने की स्वतंत्रता है। यहां सबके अलग-अलग विचार हो सकते हैं।