Lok Sabha Election 2019: कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी देशभर में पार्टी के लिए प्रचार कर रहे है। चुनाव प्रचार अभियान कार्यक्रम में राहुल कांग्रेस को जिताने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ना चाहते हैं।
इस क्रम में राहुल लोगों से मिलने का कोई मौका भी नहीं छोड़ रहे हैं। लोगों में राहुल के प्रति दीवानगी देखने को मिल रही है। पार्टी कार्यकर्ता कांग्रेस अध्यक्ष की एक झलक पाने को बेकरार दिखाई दे रहे हैं।
राहुल के प्रति लोगों के साथ ही पार्टी कार्यकर्ताओं का जोश उनकी सुरक्षा कर्मियों के लिए मुसीबत बन जा रहा है। इसी तरह का एक वाकया शुक्रवार को हरियाणा के यमुनानगर में देखने को मिला। राहुल गांधी साल 2019 में लोकसभा चुनावों के लिए प्रचार करने पहली बार हरियाणा पहुंचे थे। यहां से उन्हें करनाल रवाना होना था।
रोडशो के दौरान जैसे ही राहुल गांधी ने बस रुकवाई, इसके बाद कई कार्यकर्ता राहुल के बस की तरफ दौड़ पड़े। राहुल ने भी कार्यकर्ताओं को निराश नहीं किया। राहुल बस में बैठे-बैठे ही न सिर्फ कार्यकर्ताओं से मिले बल्कि उनसे हाथ भी मिलाया। इस दौरान लोगों की भीड़ को रोकने के लिए सुरक्षा कर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
वर्तमान में हरियाणा की 10 लोकसभा सीटों में भाजपा के पास 7, इनेलो के पास दो और एक सीट कांग्रेस के पास है। राज्य में कांग्रेस की हालत खस्ता नजर आ रही है। वोट शेयरों के मामले में पार्टी यहां तीसरे स्थान पर पहुंच गई है।
2014 के आम चुनाव में भाजपा को 34.84 फीसदी वोट मिले थे जबकि इनेलो को 24.43 प्रतिशत वोट मिले थे। वहीं कांग्रेस को 22.99 फीसदी वोटों से ही संतोष करना पड़ा था।
#WATCH Haryana: Congress President Rahul Gandhi meets people during his road show in Yamunanagar. He is on his way to Karnal. pic.twitter.com/wRYANbgkNh
— ANI (@ANI) March 29, 2019
इस साल जनवरी 2019 में जींद उपचुनाव में लोकसभा चुनाव का माहौल बनाने के लिए पार्टी ने अपने मीडिया प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला को चुनाव मैदान में उतारा था।
पार्टी इस उपचुनाव को जीत कर हरियाणा में अपनी मजबूती का संदेश देना चाह रही थी। बावजूद इसके पार्टी का यहां न सिर्फ हार मिली बल्कि उसका यह उम्मीदवार तीसरे स्थान पर रहा। भाजपा ने यह सीट अपने नाम की।
Read here the latest Lok Sabha Election 2019 News, Live
coverage and full election
schedule for India General Election 2019